



सीकर | नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नेताओं ने सीकर के अभ्यर्थी प्रदीप मेघवाल की आत्महत्या को बेहद दुखद बताते हुए इसे देश के लाखों युवाओं की उम्मीदों से जुड़ा मामला करार दिया है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सीकर के होनहार छात्र प्रदीप मेघवाल द्वारा आत्महत्या जैसा कदम उठाना अत्यंत हृदयविदारक है। परिवार ने बेटे की पढ़ाई के लिए लाखों रुपये का कर्ज लिया था और तीसरे प्रयास में चयन की पूरी उम्मीद थी, लेकिन कथित पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में गड़बड़ियों ने उनके सपनों को तोड़ दिया।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पेपर लीक मामलों ने देश की शिक्षा व्यवस्था और प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता को गंभीर नुकसान पहुंचाया है। पार्टी नेताओं ने कहा कि यह केवल एक छात्र की मौत नहीं, बल्कि लाखों युवाओं की उम्मीदों और मेहनत की हत्या है।
कांग्रेस ने केंद्र सरकार से मांग की है कि नीट परीक्षा आयोजित कराने वाली संस्था NTA को तत्काल भंग किया जाए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें। पार्टी का कहना है कि लगातार पेपर लीक मामलों के बावजूद सरकार जिम्मेदारी तय करने से बच रही है।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उनकी बातचीत लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से करवाई। राहुल गांधी ने परिवार को सांत्वना देते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
कांग्रेस ने कहा कि इस दुख की घड़ी में पार्टी पूरी मजबूती से पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तक संघर्ष जारी रहेगा।
कांग्रेस और एनएसयूआई लगातार नीट पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि जब तक दोषियों को कठोर सजा नहीं मिलती और परीक्षा प्रणाली में सुधार नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
हाल ही में जयपुर सहित कई स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई थी। पार्टी का आरोप है कि पेपर लीक माफिया और परीक्षा प्रणाली में भ्रष्टाचार के कारण मेहनती छात्रों का भविष्य दांव पर लग रहा है।
हम नेता प्रतिपक्ष श्री @RahulGandhi जी को बहुत-बहुत धन्यवाद देते हैं वो नीट पेपर लीक के ख़िलाफ़ पहले दिन से छात्रो के साथ खड़े हैं !
— VINOD JAKHAR (@VinodJakharIN) May 22, 2026
नीट पेपर लीक के कारण जिन परिवारों ने अपने बच्चे खोए हैं वह इस दुख की घड़ी में उनके साथ में हैं।
हम विश्वास दिलाते हैं @nsui पूरे देश में पेपर… pic.twitter.com/t759wHqJTl