Saturday, 23 May 2026

राजस्थान को सेमीकंडक्टर हब बनाने की दिशा में बड़ी पहल, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव की अहम बैठक


राजस्थान को सेमीकंडक्टर हब बनाने की दिशा में बड़ी पहल, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव की अहम बैठक

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर | राजस्थान में सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को नई गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में सेमीकंडक्टर एवं इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र से जुड़े उद्योगपति, निवेशक और विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में राजस्थान को देश के उभरते सेमीकंडक्टर और हाईटेक मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में विकसित करने की रणनीति पर चर्चा की गई। सरकार की ओर से उद्योगों को दी जा रही नई नीतिगत सुविधाओं और निवेश संभावनाओं को भी प्रस्तुत किया गया।

भिवाड़ी में प्रदेश का पहला सेमीकंडक्टर क्लस्टर

बैठक के दौरान बताया गया कि इसी महीने भिवाड़ी में राजस्थान के पहले सेमीकंडक्टर क्लस्टर का उद्घाटन किया गया है। लगभग 50 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस अत्याधुनिक कॉम्प्लेक्स में प्रतिवर्ष करीब 6 करोड़ चिप्स का उत्पादन किया जाएगा। इसे राजस्थान के औद्योगिक विकास और तकनीकी आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। इससे प्रदेश में हाईटेक रोजगार, निवेश और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग को नई गति मिलने की संभावना है।

राजस्थान सेमीकंडक्टर पॉलिसी लागू

राज्य सरकार ने मार्च 2026 में राजस्थान सेमीकंडक्टर पॉलिसी लागू की थी। इस नीति का उद्देश्य प्रदेश में सेमीकंडक्टर निर्माण, इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन, रिसर्च एवं टेक्नोलॉजी आधारित उद्योगों को बढ़ावा देना है। हाल ही में मंत्रिपरिषद की बैठक में राजस्थान इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट पॉलिसी को भी मंजूरी दी गई है। नई नीति के तहत सेमीकंडक्टर, डाटा सेंटर, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर को विशेष प्रोत्साहन दिया जाएगा।

‘सिलिकॉन वैली ऑफ राजस्थान’ बनाने की तैयारी

बैठक में यह भी बताया गया कि जोधपुर-पाली-मारवाड़ औद्योगिक क्षेत्र तथा कंकानी क्षेत्र को विशेष रूप से “सिलिकॉन वैली ऑफ राजस्थान” के रूप में विकसित करने की दिशा में काम शुरू कर दिया गया है। सरकार इन क्षेत्रों में आधुनिक औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर, निवेश अनुकूल माहौल, टेक्नोलॉजी पार्क और हाईटेक निर्माण इकाइयों को विकसित करने की योजना पर काम कर रही है। इससे राजस्थान को देश के प्रमुख टेक्नोलॉजी और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी।

निवेश और रोजगार के नए अवसर

विशेषज्ञों के अनुसार सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में हो रहे निवेश से प्रदेश में बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे। साथ ही राजस्थान देश की डिजिटल और तकनीकी अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेगा। बैठक में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने भी राजस्थान सरकार की नई औद्योगिक नीतियों और निवेश अनुकूल माहौल की सराहना की।

Previous
Next

Related Posts