Sunday, 24 May 2026

पुष्कर में कांग्रेस का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू, संगठन मजबूती और चुनावी रणनीति पर होगा मंथन


पुष्कर में कांग्रेस का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू, संगठन मजबूती और चुनावी रणनीति पर होगा मंथन

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

अजमेर/पुष्कर | राजस्थान और दिल्ली कांग्रेस के जिलाध्यक्षों के लिए पुष्कर में 23 मई से शुरू हुआ 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शनिवार को औपचारिक रूप से शुरू हो गया। इस शिविर में संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने, चुनावी रणनीति, मीडिया प्रबंधन और जनसंपर्क जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। शिविर के दौरान कांग्रेस पदाधिकारी गांवों में जाकर ग्रामीणों से संवाद भी करेंगे।

शिविर के उद्घाटन से पहले कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और राजस्थान प्रभारी सुखविंदर सिंह रंधावा पुष्कर पहुंचे। राजस्थान और दिल्ली से आए जिलाध्यक्षों के रजिस्ट्रेशन के बाद कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया।

संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने का अभियान

अजमेर शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजकुमार ने बताया कि यह प्रशिक्षण शिविर संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को नई राजनीतिक दिशा देने का अभियान है। शिविर में लगभग 100 जिलाध्यक्षों और पार्टी पदाधिकारियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष नसीम अख्तर इंसाफ ने कहा कि यह शिविर संगठन सृजन अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कांग्रेस हमेशा कार्यकर्ताओं और आम जनता से सीधे संवाद को प्राथमिकता देती रही है। उन्होंने कहा कि ब्रह्मा नगरी पुष्कर में आयोजित यह शिविर कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा और राजनीतिक संदेश देने का माध्यम बनेगा।

डोटासरा ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

शिविर के उद्घाटन अवसर पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपना लोकतांत्रिक दायित्व निभा रही है, जबकि वर्तमान सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है।

डोटासरा ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में जवाबदेही और नैतिक जिम्मेदारी की कमी है। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के दौरान यदि किसी मंत्री पर आरोप लगते थे तो वे नैतिक आधार पर इस्तीफा देते थे, लेकिन वर्तमान केंद्र सरकार में ऐसी कोई परंपरा दिखाई नहीं देती।

राहुल गांधी और खड़गे भी होंगे शामिल

शिविर के अंतिम दिन 1 जून को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी शामिल होंगे। उनके कार्यक्रम में भाग लेने से इस शिविर का राजनीतिक महत्व और बढ़ गया है। कांग्रेस नेताओं के अनुसार शिविर में संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण और आगामी चुनावों की रणनीति को लेकर कई विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।

फील्ड विजिट और मनरेगा निरीक्षण भी कार्यक्रम में शामिल

शिविर के दौरान 25 मई को फील्ड विजिट और 27 मई को मनरेगा कार्यस्थलों के निरीक्षण का कार्यक्रम भी रखा गया है। इसके जरिए कांग्रेस नेता ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति और योजनाओं के क्रियान्वयन का फीडबैक भी लेंगे।

उद्घाटन कार्यक्रम में प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, राजस्थान प्रभारी सुखविंदर सिंह रंधावा, पीसीसी उपाध्यक्ष नसीम अख्तर इंसाफ, अजमेर शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल, पुष्कर ब्लॉक अध्यक्ष संजय जोशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पुष्कर में राजस्थान और दिल्ली कांग्रेस के जिलाध्यक्षों का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर टीकाराम जूली, सुखविंदर रंधावा और गोविंद सिंह डोटासरा
पुष्कर में राजस्थान और दिल्ली कांग्रेस के जिलाध्यक्षों का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर टीकाराम जूली, सुखविंदर रंधावा और गोविंद सिंह डोटासरा
Previous
Next

Related Posts