



नई दिल्ली | केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन शनिवार को पहली बार दिल्ली दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व के साथ मुलाकात की। इस मुलाकात की एक तस्वीर राजनीतिक और सोशल मीडिया हलकों में खास चर्चा का विषय बन गई है।
तस्वीर में वी. डी. सतीशन सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के माथे पर तिलक नजर आ रहा है। इसी को लेकर अब राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। लंबे समय से कांग्रेस पर सनातन और हिंदू परंपराओं से दूरी बनाए रखने के आरोप लगते रहे हैं। ऐसे में इस तस्वीर को कई लोग कांग्रेस की बदली राजनीतिक रणनीति और सांस्कृतिक संदेश के रूप में भी देख रहे हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि देश के कई राज्यों में बदलते राजनीतिक माहौल और धार्मिक-सांस्कृतिक मुद्दों के बढ़ते प्रभाव के बीच कांग्रेस अब अपनी छवि को लेकर अधिक सतर्क दिखाई दे रही है। खासकर दक्षिण भारत से लेकर उत्तर भारत तक पार्टी लगातार अपनी जनस्वीकार्यता मजबूत करने के प्रयास में जुटी हुई है।
हालांकि कांग्रेस की ओर से इस तस्वीर या तिलक को लेकर कोई आधिकारिक राजनीतिक टिप्पणी नहीं की गई है, लेकिन सोशल मीडिया पर इसे लेकर समर्थकों और विरोधियों के बीच बहस शुरू हो गई है। भाजपा और अन्य दलों के नेताओं द्वारा पूर्व में कांग्रेस पर “सनातन विरोधी” होने के आरोप लगाए जाते रहे हैं। ऐसे में यह तस्वीर राजनीतिक रूप से प्रतीकात्मक मानी जा रही है।
दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने कांग्रेस नेतृत्व के साथ संगठनात्मक और राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की। आगामी चुनावी रणनीतियों और राज्यों में पार्टी की स्थिति को लेकर भी विचार-विमर्श होने की संभावना जताई जा रही है।