Sunday, 24 May 2026

जयपुर रोजगार मेले में 420 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव बोले- रेलवे में 1.78 लाख भर्तियों पर काम जारी


जयपुर रोजगार मेले में 420 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव बोले- रेलवे में 1.78 लाख भर्तियों पर काम जारी

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर | केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव शनिवार को जयपुर दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने जयपुर स्थित कॉन्सटीट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में आयोजित रोजगार मेले में हिस्सा लिया और विभिन्न केंद्रीय विभागों में चयनित 420 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए।

कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव, लोकसभा सांसद मंजू शर्मा, विधायक गोपाल शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

देशभर के 47 स्थानों पर आयोजित हुआ रोजगार मेला

रोजगार मेले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। प्रधानमंत्री ने बटन दबाकर देशभर में आयोजित रोजगार मेले की शुरुआत की। इस अभियान के तहत देशभर में 51 हजार अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। रोजगार मेले का आयोजन देश के 47 विभिन्न स्थानों पर एक साथ किया गया।

इस दौरान रेलवे, इसरो, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, शिक्षा, डाक विभाग समेत कई केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।

रेलवे में 1 लाख 78 हजार भर्तियों पर काम जारी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारतीय रेलवे में वर्तमान समय में 1 लाख 78 हजार भर्तियों की प्रक्रिया पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि पहले रेलवे भर्ती प्रक्रियाओं में काफी समय लगता था, लेकिन अब रेलवे ने वार्षिक भर्ती कैलेंडर लागू किया है।

उन्होंने बताया कि भर्ती प्रक्रिया को चार चरणों में विभाजित किया गया है। पहले चरण में लोको पायलट, दूसरे में टेक्निशियन एवं अन्य तकनीकी पद, तीसरे में नॉन टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी जैसे स्टेशन मास्टर और जूनियर इंजीनियर तथा चौथे चरण में लेवल-1 की भर्तियों के नोटिफिकेशन जारी किए जाते हैं।

रेल मंत्री ने कहा कि इस नई व्यवस्था से युवाओं को समयबद्ध और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया का लाभ मिल रहा है।

राजस्थान में 200 नई ट्रेनें चलाने की योजना

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारतीय रेलवे तेजी से विस्तार कर रही है। देशभर में 36 हजार किलोमीटर नए रेलवे ट्रैक बिछाने का कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि राजस्थान में चल रहे रेलवे प्रोजेक्ट पूरे होने के बाद राज्य में 200 नई ट्रेनें चलाने की योजना है। कोविड के बाद राजस्थान को 50 से अधिक नई ट्रेनें दी जा चुकी हैं। कार्यक्रम के दौरान रेल मंत्री ने युवाओं से संवाद करते हुए उन्हें देश निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश भी दिया।

“देश प्रथम” की भावना से काम करें युवा : भूपेंद्र यादव

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि सरकारी नौकरी केवल रोजगार का माध्यम नहीं बल्कि देश सेवा की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने युवाओं से “देश प्रथम” की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका : प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने वर्चुअल संबोधन में कहा कि सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र केवल रोजगार नहीं बल्कि देश की विकास यात्रा में सहभागी बनने का अवसर है। उन्होंने कहा कि रेलवे, बैंकिंग, रक्षा, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में कार्य करने जा रहे युवा विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के युवा और देश की तकनीकी प्रगति को लेकर पूरी दुनिया उत्साहित है। उन्होंने अपनी हालिया विदेश यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि विभिन्न देशों के साथ भारत की साझेदारी का उद्देश्य युवाओं को वैश्विक अवसर और नई तकनीकी संभावनाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने विशेष रूप से नीदरलैंड के साथ सेमीकंडक्टर क्षेत्र में हुई चर्चाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाले समय में इससे युवाओं के लिए रोजगार और तकनीकी विकास के नए अवसर तैयार होंगे।

Previous
Next

Related Posts