



कॉलेज परिसर में आयोजित इस अकादमिक समारोह में मुख्य अतिथि एवं सुबोध कॉलेज की प्राचार्या डॉ. रेणु जोशी ने पुस्तक का विमोचन कर इसे विद्यार्थियों और समाज को समर्पित किया। डॉ. प्रीति सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के पूर्व एडिशनल डायरेक्टर जयपुर की सुपुत्री हैं।
इस अवसर पर राजस्थान विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो. अल्पना कटेजा तथा प्राचार्या डॉ. रेणु जोशी ने डॉ. प्रीति के शैक्षणिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की शोधपरक और व्यवहारिक पुस्तकें विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास तथा उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को नई दिशा प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी भाषा को सहज तरीके से समझाने वाली पुस्तकें वर्तमान समय की आवश्यकता हैं।
अकादमिक विशेषज्ञों और शिक्षकों ने पुस्तक की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसकी सबसे बड़ी ताकत इसकी सरल, सुगम और प्रभावी भाषा शैली है। पुस्तक में अंग्रेजी भाषा की मूलभूत संरचना, व्याकरण, भाषा कौशल और प्रभावी संप्रेषण के विभिन्न पहलुओं को व्यावहारिक उदाहरणों के साथ प्रस्तुत किया गया है। यह पुस्तक केवल कॉलेज विद्यार्थियों के लिए ही नहीं, बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भी उपयोगी साबित होगी।
कार्यक्रम के दौरान लेखिका डॉ. प्रीति ने पुस्तक की रूपरेखा और उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ग्रामीण और शहरी दोनों पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों में अंग्रेजी भाषा को लेकर झिझक और डर देखा जाता है। इस पुस्तक का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास विकसित करना और उन्हें अंग्रेजी बोलने एवं लिखने में सक्षम बनाना है।
उन्होंने कहा कि यह पुस्तक विद्यार्थियों को अंग्रेजी भाषा की मजबूत आधारशिला प्रदान करेगी, जिससे वे अपने दैनिक जीवन, उच्च शिक्षा और करियर में अंग्रेजी का सहज और प्रभावी उपयोग कर सकेंगे। समारोह में कॉलेज के वरिष्ठ संकाय सदस्य, शोधार्थी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने डॉ. प्रीति के इस प्रयास को कॉलेज और अकादमिक जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।