Saturday, 29 August 2026

जयपुर दौरे पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, रोजगार मेले में 420 युवाओं को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र


जयपुर दौरे पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, रोजगार मेले में 420 युवाओं को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर | केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव शनिवार को जयपुर दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान वे जयपुर कॉन्सटीट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में आयोजित 19वें रोजगार मेले में शामिल होकर विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित 420 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।

इस कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव भी मौजूद रहेंगे। रोजगार मेले के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे और देशभर में विभिन्न केंद्रीय विभागों एवं मंत्रालयों में चयनित 51 हजार अभ्यर्थियों को संबोधित करेंगे। रोजगार मेले को केंद्र सरकार की रोजगार सृजन पहल के तहत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यक्रम में युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर प्रदान करने के साथ आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के लक्ष्य पर भी जोर दिया जाएगा।

जयपुर दौरे के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जयपुर जंक्शन पर चल रहे विकास कार्यों और फर्स्ट एंट्री प्रोजेक्ट का भी निरीक्षण करेंगे। रेलवे अधिकारियों के साथ वे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, निर्माण कार्यों और आधारभूत ढांचे की प्रगति की समीक्षा करेंगे।

रेल मंत्री के दौरे को देखते हुए रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आ रहे हैं। जयपुर जंक्शन पर साफ-सफाई अभियान चलाया गया है तथा स्टेशन परिसर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। स्टेशन के बाहर सड़कों की मरम्मत और पैचवर्क का कार्य भी तेजी से कराया गया है।

अधिकारियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और वीआईपी मूवमेंट को लेकर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। रेलवे प्रशासन ने स्टेशन परिसर और कार्यक्रम स्थल पर विशेष सुरक्षा इंतजाम भी किए हैं। कार्यक्रम में लोकसभा सांसद मंजू शर्मा, लोकसभा सांसद राव राजेंद्र सिंह, राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी और विधायक गोपाल शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी शामिल होंगे।

रेल मंत्री के निरीक्षण को लेकर रेलवे अधिकारियों में भी सक्रियता बढ़ गई है। फर्स्ट एंट्री प्रोजेक्ट को जयपुर जंक्शन के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

Previous
Next

Related Posts