Sunday, 24 May 2026

जयपुर में युवती ने अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से कूदकर दी जान, मानसिक बीमारी से थी परेशान


जयपुर में युवती ने अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से कूदकर दी जान, मानसिक बीमारी से थी परेशान

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर | जयपुर के कालवाड़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक युवती द्वारा अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया।

पुलिस के अनुसार मृतका 27 वर्षीय युवती थी, जो कालवाड़ क्षेत्र की रहने वाली थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह पिछले कई वर्षों से मानसिक बीमारी से परेशान थी। परिजनों के अनुसार उसकी मानसिक स्थिति पिछले चार वर्षों से अधिक खराब रहने लगी थी और उसका इलाज भी चल रहा था।

पुलिस ने बताया कि युवती शुक्रवार दोपहर हाथोज स्थित अपने फ्लैट पर आई थी। वह अक्सर वहां जाया करती थी। दोपहर करीब 2 बजे वह घर से निकली और करीब 100 मीटर दूर स्थित एक रेजीडेंसी की छत पर पहुंच गई। इसके बाद उसने अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। अचानक तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में युवती को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि बचपन में साइकिल से गिरने के कारण युवती के सिर में गंभीर चोट लगी थी। इसके बाद से वह लगातार स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रही थी। परिजनों ने उसका कई बार अस्पताल में इलाज भी कराया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

Previous
Next

Related Posts