



जयपुर | राजस्थान में पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। शनिवार 23 मई की सुबह तेल कंपनियों ने एक बार फिर ईंधन के दामों में बढ़ोतरी कर दी, जिसके बाद राजधानी जयपुर में पेट्रोल ₹109.87 प्रति लीटर और डीजल ₹95.09 प्रति लीटर तक पहुंच गया है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार हो रही तेजी का असर अब सीधे घरेलू बाजार में दिखाई देने लगा है। तेल कंपनियों द्वारा लगातार बढ़ाए जा रहे दामों से आम उपभोक्ताओं, किसानों और ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
ताजा बढ़ोतरी के अनुसार जयपुर में पेट्रोल के दाम में 93 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 92 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि हुई है। पिछले 9 दिनों के दौरान पेट्रोल ₹5.12 प्रति लीटर और डीजल ₹4.84 प्रति लीटर तक महंगा हो चुका है।

लगातार बढ़ती कीमतों का असर अब आम जीवन पर भी साफ दिखाई देने लगा है। परिवहन लागत बढ़ने के कारण खाद्य सामग्री, फल-सब्जियां और अन्य जरूरी वस्तुओं के दामों में भी बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है।
विशेषज्ञों का कहना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी जारी रहती है, तो आने वाले दिनों में ईंधन के दाम और बढ़ सकते हैं। वहीं व्यापारिक संगठनों और पेट्रोल डीलर्स की ओर से राज्य सरकार से वैट और रोड सेस में राहत देने की मांग भी लगातार उठाई जा रही है।
आम उपभोक्ताओं का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई और ईंधन कीमतों ने घरेलू बजट पर सीधा असर डाला है। खासकर रोजाना वाहन से आवागमन करने वाले लोगों और ट्रांसपोर्ट कारोबारियों पर अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है।