Sunday, 24 May 2026

अलवर में दर्दनाक हादसा: खेलते-खेलते कार में बंद हुईं दो सगी बहनें, दम घुटने से मौत


अलवर में दर्दनाक हादसा: खेलते-खेलते कार में बंद हुईं दो सगी बहनें, दम घुटने से मौत

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

अलवर शहर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र स्थित खुदनपुरी गांव में बुधवार को एक बेहद दर्दनाक हादसे में दो सगी बहनों की कार के अंदर दम घुटने से मौत हो गई। दोनों मासूम बच्चियां खेलते-खेलते एक खड़ी कार में जाकर बैठ गई थीं। इसी दौरान कार का गेट बंद हो गया और दोनों बाहर नहीं निकल सकीं। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

वैशाली नगर थाना प्रभारी गुरु दत्त सैनी ने बताया कि विनोद कुमार मोटर्स वर्कशॉप पर एक कार रिपेयरिंग के लिए खड़ी थी। खेलते हुए टीना (8) और लक्ष्मी (5) कार के अंदर जाकर बैठ गईं। कुछ देर बाद कार का गेट बंद हो गया, जिसे बच्चियां दोबारा खोल नहीं पाईं। बंद कार के भीतर दम घुटने से दोनों अचेत हो गईं और उनकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार बच्चियों के पिता रमेश कुमार हेयर कटिंग की दुकान चलाते हैं। जब वह दोपहर में घर लौटे तो बच्चियां घर पर नहीं मिलीं। पड़ोसियों ने बताया कि दोनों बच्चियां कार के पास खेल रही थीं। इसके बाद रमेश कुमार ने कार के अंदर देखा तो दोनों बच्चियां अचेत अवस्था में मिलीं। जांच करने पर पता चला कि दोनों की मौत हो चुकी थी।

मृत बच्चियों के पिता रमेश कुमार मूल रूप से डीग जिले के बेढम क्षेत्र के निवासी हैं और वर्तमान में अलवर के खुदनपुरी में रह रहे थे। उन्होंने बताया कि करीब चार साल पहले उनकी पत्नी की भी साइलेंट अटैक से मौत हो गई थी। अब इस हादसे में उनकी दोनों बेटियों की जान चली गई, जिससे परिवार पूरी तरह टूट गया है।

घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दोनों बच्चियां सड़क किनारे खड़ी कार के पास खेलती नजर आ रही हैं। कुछ देर बाद वे कार का दरवाजा खोलकर अंदर बैठ जाती हैं। इसके बाद कार का गेट बंद हो जाता है और यह दर्दनाक हादसा हो जाता है। वीडियो में यह भी दिखाई दे रहा है कि बच्चियों ने बाहर निकलने की कोशिश की थी।

पुलिस ने दोनों बच्चियों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस दर्दनाक घटना ने क्षेत्र के लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

    Previous
    Next

    Related Posts