



जयपुर | जयपुर के गलता थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में डेढ़ साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। हादसा लाल मस्जिद के पीछे स्थित बिलोचियान मोहल्ले में शाम करीब 6 बजे हुआ, जहां एक पिकअप वाहन की चपेट में आने से बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन इलाके में स्थित आम के एक गोदाम में सामान उतारने पहुंचा था। इसी दौरान सड़क पर खेल रही डेढ़ साल की बच्ची मन्नत वाहन की चपेट में आ गई। हादसे के बाद गंभीर घायल अवस्था में बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक बच्ची मन्नत के पिता आलम मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद के रहने वाले हैं। परिवार वर्तमान में जयपुर में किराए के मकान में रह रहा है। आलम ठेला चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने मौके पर ही पिकअप चालक को पकड़ लिया और उसे गलता गेट थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार पिकअप चालक की पहचान थानागाजी निवासी मुकेश के रूप में हुई है। वाहन का नंबर आरजे14 जीआर 9914 बताया गया है।
जानकारी के अनुसार जिस गोदाम में पिकअप सामान उतारने पहुंचा था, वह केस अली का बताया जा रहा है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।