Friday, 22 May 2026

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने धम्बोला गांव में किया सुबह भ्रमण, ग्रामीणों से संवाद कर जाना हालचाल


मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने धम्बोला गांव में किया सुबह भ्रमण, ग्रामीणों से संवाद कर जाना हालचाल

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

डूंगरपुर | मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने डूंगरपुर जिले के धम्बोला गांव में रात्रि विश्राम के बाद शुक्रवार सुबह गांव का भ्रमण कर ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री गांव की गलियों में पैदल घूमते हुए लोगों से मिले, बुजुर्गों की कुशलक्षेम पूछी और स्थानीय दुकानदारों से उनके व्यवसाय तथा दैनिक गतिविधियों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री की सादगी और आत्मीय व्यवहार से ग्रामीण अभिभूत नजर आए।

भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने जगह-जगह रुककर ग्रामीणों की समस्याएं और सुझाव सुने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि गांवों में आपसी मेलजोल और “रामा-श्यामा” की परंपरा ग्रामीण जीवन की सबसे बड़ी खूबसूरती है। गांवों में लोग सुख-दुख साझा करते हैं, जिससे सामाजिक एकता मजबूत होती है।

मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के साथ चाय पर चर्चा करते हुए कहा कि राज्य सरकार सभी पंचायतों में अटल ज्ञान केंद्र शुरू कर रही है। इन केंद्रों पर युवाओं को पुस्तकें, समाचार पत्र और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे गांव में रहकर ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं पर आर्थिक भार भी कम होगा।

उन्होंने कहा कि गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार राज्य सरकार की प्राथमिकता है और चरणबद्ध तरीके से सभी आवश्यक विकास कार्य पूरे किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण को लेकर भी विशेष जोर दिया और कहा कि तालाबों एवं वर्षा जल के संरक्षण से ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट को काफी हद तक दूर किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि राज्य सरकार गंगा दशहरा के अवसर पर 25 मई से “वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान” शुरू करने जा रही है। इस अभियान के तहत जनभागीदारी से गांवों में जल संरक्षण और जल संचयन के कार्य किए जाएंगे, जिससे भूजल स्तर में सुधार होगा। भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कई निर्देश भी दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को जिले में नशे के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने और युवाओं को इससे जोड़ने के निर्देश दिए। वहीं जिला प्रशासन को धम्बोला गांव के खेमसागर तालाब पर पाल निर्माण और पौधारोपण कराने के लिए कहा।

ग्रामीणों की मांग पर मुख्यमंत्री ने खेल सुविधाओं के विस्तार और राजकीय विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण कक्षा कक्ष निर्माण के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री बच्चों के बीच भी पहुंचे और उनके साथ बैडमिंटन खेला। बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने उन्हें चॉकलेट वितरित की। मुख्यमंत्री के साथ खेलकर बच्चे काफी उत्साहित नजर आए।

भ्रमण से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गोवर्धन नाथ जी मंदिर और माताजी मंदिर में दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Previous
Next

Related Posts