Friday, 22 May 2026

राजस्थान की तीन राज्यसभा सीटों पर चुनाव का ऐलान, 18 जून को होगी वोटिंग


राजस्थान की तीन राज्यसभा सीटों पर चुनाव का ऐलान, 18 जून को होगी वोटिंग

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

दिल्ली| राजस्थान की तीन राज्यसभा सीटों पर चुनाव की घोषणा कर दी गई है। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार इन सीटों के लिए 18 जून को मतदान होगा और उसी दिन मतगणना के बाद परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, भारतीय जनता पार्टी के सांसद राजेंद्र गहलोत और कांग्रेस सांसद नीरज डांगी का कार्यकाल 21 जून 2026 को समाप्त हो रहा है। इनके कार्यकाल पूर्ण होने के कारण राज्यसभा की ये तीनों सीटें रिक्त हो रही हैं।

फिलहाल किसी भी राजनीतिक दल ने अपने उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। हालांकि राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि भारतीय जनता पार्टी केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को एक बार फिर राज्यसभा उम्मीदवार बना सकती है।

विधानसभा में वर्तमान संख्या बल को देखते हुए राज्यसभा की इन तीन सीटों में से दो सीटों पर भाजपा और एक सीट पर कांग्रेस की जीत लगभग तय मानी जा रही है। ऐसे में यदि भाजपा तीसरा उम्मीदवार और कांग्रेस दूसरा उम्मीदवार मैदान में नहीं उतारती है तो चुनाव निर्विरोध भी हो सकता है।

हालांकि अंतिम स्थिति दोनों प्रमुख दलों की रणनीति पर निर्भर करेगी। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि अपेक्षा से अधिक उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरते हैं तो क्रॉस वोटिंग की आशंका भी बनी रह सकती है।

राजस्थान विधानसभा में मौजूदा संख्याबल के आधार पर भाजपा को दो सीटों पर स्पष्ट बढ़त हासिल है, जबकि कांग्रेस एक सीट आसानी से जीत सकती है। ऐसे में राज्यसभा चुनाव को लेकर दोनों दलों के भीतर रणनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।आने वाले दिनों में उम्मीदवारों की घोषणा के बाद चुनावी समीकरण और अधिक स्पष्ट होने की संभावना है।

    Previous
    Next

    Related Posts