



जयपुर-सीकर हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार टैक्सी कार चाय की थड़ी में जा घुसी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि थड़ी मालिक और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और गुस्साए लोगों ने कार चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। पुलिस ने कार जब्त कर चालक को राउंडअप कर लिया है।
दौलतपुरा थाना प्रभारी सुनील गोदारा ने बताया कि हादसे में 24 वर्षीय बलराम अटल पुत्र बोदूराम अटल निवासी मेहर खुर्द, अमरसर की मौत हो गई। वहीं जोधपुर निवासी थानाराम और मोटू का बास निवासी चाय थड़ी संचालक कैलाश सैनी घायल हो गए। दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार करवाने के बाद छुट्टी दे दी गई।
पुलिस के अनुसार जयपुर से एक पति-पत्नी खाटूश्यामजी मंदिर दर्शन के लिए टैक्सी कार से जा रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे जयपुर-सीकर हाईवे पर मोटू का बास के पास तेज रफ्तार कार अचानक बेकाबू हो गई और सर्विस रोड किनारे स्थित चाय की थड़ी में जा घुसी। कार ने पहले बलराम को टक्कर मारी और फिर थड़ी पर बैठे थानाराम और कैलाश को चपेट में ले लिया।
हादसे के दौरान कार के एयरबैग खुलने से चालक जितेंद्र सिंह और कार में बैठे दंपती की जान बच गई। हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार काफी तेज गति में थी और सीधे थड़ी में घुस गई।
घायल थानाराम ने बताया कि वह सुबह ही गांव से लौटकर वेयरहाउस जाने से पहले चाय पीने थड़ी पर बैठा था। उसी समय बलराम गुटखे का पैकेट लेने आया था। तभी करीब 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आई कार ने पहले बलराम को टक्कर मारी और फिर थड़ी को तोड़ते हुए उन्हें भी घायल कर दिया। उन्होंने कहा कि यह उनकी किस्मत थी कि जान बच गई।
हादसे के बाद कार सवार दंपती मौके से चले गए। पुलिस पूछताछ में चालक जितेंद्र सिंह ने बताया कि उसे नींद की झपकी आने से कार अनियंत्रित होकर थड़ी में घुस गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।