Sunday, 24 May 2026

पुष्कर घाटी सड़क हादसे की जांच तेज, खाटू श्याम मंदिर पहुंची पुलिस, समिति अध्यक्ष को नोटिस


पुष्कर घाटी सड़क हादसे की जांच तेज, खाटू श्याम मंदिर पहुंची पुलिस, समिति अध्यक्ष को नोटिस

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

सीकर | अजमेर की पुष्कर घाटी में हुए सड़क हादसे की जांच अब तेज हो गई है। हादसे में एक युवक की मौत और तीन लोगों के घायल होने के मामले में पुष्कर पुलिस गुरुवार को सीकर स्थित खाटू श्याम मंदिर पहुंची। जांच अधिकारी ने हादसे में शामिल एसयूवी वाहन, चालक और उसमें सवार युवकों की जानकारी नहीं मिलने पर श्रीश्याम सेवा समिति के अध्यक्ष शक्तिसिंह चौहान को कानूनी नोटिस थमाया है।

पुष्कर थाने के जांच अधिकारी नंदकिशोर गोदारा गुरुवार को मामले की जांच के सिलसिले में खाटू पहुंचे। यहां उन्होंने श्रीश्याम सेवा समिति के पदाधिकारियों और अध्यक्ष शक्तिसिंह चौहान से दुर्घटना में शामिल एसयूवी वाहन के दस्तावेज, चालक और उसमें सवार युवकों की जानकारी मांगी। पूछताछ के दौरान यह जानकारी सामने आई कि दिग्विजय सिंह ने वाहन चलाने की बात स्वीकार की थी, लेकिन समिति की ओर से वाहन में मौजूद अन्य युवकों की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। इसके बाद पुलिस ने समिति अध्यक्ष को नोटिस जारी कर संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

पुलिस जांच के दौरान हादसे के बाद की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में आ गई है। जानकारी के अनुसार दुर्घटना के बाद एसयूवी सवार दिग्विजय सिंह घायल अवस्था में पुलिस को घटनास्थल पर मिला था। पुलिस उसे इलाज के लिए जेएलएन अस्पताल भी लेकर गई थी। अस्पताल में कुछ लोगों ने उसे पहचान भी लिया था, लेकिन माहौल बिगड़ने की आशंका के चलते पुलिस बिना इलाज और मेडिकल करवाए उसे वापस ले गई। यह घटनाक्रम वायरल वीडियो में भी सामने आया है। इसके बाद से दिग्विजय सिंह का कोई पता नहीं चल सका है। अब पुलिस उसकी तलाश में विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही है, जबकि उसके तीन अन्य साथी पहले ही फरार बताए जा रहे हैं।

जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस जांच अधिकारी ने मौके पर ही श्रीश्याम सेवा समिति के अध्यक्ष शक्तिसिंह चौहान को नोटिस जारी किया। नोटिस में दुर्घटना में शामिल एसयूवी के मूल दस्तावेज, बीमा कागजात, चालक का नाम और वाहन में सवार सभी युवकों की संपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया है। हालांकि समिति अध्यक्ष ने तत्काल जवाब देने के बजाय पुलिस से समय मांगा है।

उल्लेखनीय है कि 18 मई की रात पुष्कर घाटी में श्रीश्याम सेवा समिति के नाम से पंजीकृत तेज रफ्तार एसयूवी की टक्कर से धोलाभाटा निवासी रवि की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए थे। हादसे के बाद वायरल वीडियो में वाहन में चार युवकों के सवार होने और कार में शराब मौजूद होने की बात भी सामने आई थी।

अजमेर ग्रामीण सीओ रामचन्द्र चौधरी ने बताया कि दुर्घटना में शामिल एसयूवी श्रीश्याम सेवा समिति के नाम पंजीकृत है। पुलिस ने समिति अध्यक्ष को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    Previous
    Next

    Related Posts