Sunday, 24 May 2026

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का दो दिवसीय बीकानेर दौरा प्रस्तावित, सांचू बॉर्डर का करेंगे निरीक्षण


केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का दो दिवसीय बीकानेर दौरा प्रस्तावित, सांचू बॉर्डर का करेंगे निरीक्षण

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

बीकानेर | केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का 25 और 26 मई को दो दिवसीय बीकानेर दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान वे पाकिस्तान से सटी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित सांचू बॉर्डर पोस्ट का दौरा करेंगे तथा सीमा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। गृह मंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तैयारियों में जुट गई हैं।

जानकारी के अनुसार गृह मंत्री अमित शाह 25 मई को बीकानेर पहुंचेंगे और बज्जू तहसील स्थित सांचू बॉर्डर पोस्ट पर जाएंगे। वहां वे सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों से संवाद करेंगे तथा सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। संभावना जताई जा रही है कि गृह मंत्री सीमा क्षेत्र के ग्रामीणों से भी बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुझावों की जानकारी ले सकते हैं।

दौरे के दौरान अमित शाह बीकानेर, श्रीगंगानगर, जैसलमेर, बाड़मेर और फलौदी जिलों के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षकों की बैठक भी लेंगे। इस बैठक में संबंधित संभागीय आयुक्त और पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) भी मौजूद रहेंगे। अधिकारियों की यह बैठक बीकानेर स्थित बीएसएफ परिसर में आयोजित किए जाने की संभावना है।

बैठक में सीमा सुरक्षा, कानून व्यवस्था, आंतरिक सुरक्षा और सीमावर्ती क्षेत्रों में प्रशासनिक तैयारियों को लेकर चर्चा होगी। जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों द्वारा विभिन्न विषयों पर प्रजेंटेशन भी दिए जाएंगे।

गृह मंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पाकिस्तान से लगती अंतरराष्ट्रीय सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। सूत्रों के अनुसार गृह मंत्री के दौरे के दौरान मुख्य सचिव वी. श्रीनिवासन, पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ अधिकारी भी बीकानेर पहुंचेंगे। हालांकि जिला प्रशासन की ओर से अब तक आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है, लेकिन गृह मंत्री का दौरा लगभग तय माना जा रहा है।

Previous
Next

Related Posts