Saturday, 29 August 2026

जयपुर में आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टे का भंडाफोड़, तीन सटोरिए गिरफ्तार


जयपुर में आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टे का भंडाफोड़, तीन सटोरिए गिरफ्तार

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर | जयपुर पुलिस की स्पेशल टीम ने आईपीएल क्रिकेट मैच पर चल रहे ऑनलाइन सट्टा कारोबार का गुरुवार देर रात बड़ा खुलासा करते हुए तीन सटोरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने खोरा बिसल इलाके में स्थित एक मकान पर दबिश देकर कार्रवाई की। मौके से लाखों रुपए के हिसाब-किताब सहित बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और बैंकिंग दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी “DX-13” नाम की सट्टा लाइन के जरिए लोगों को जोड़कर क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगवा रहे थे। यह कार्रवाई स्पेशल ऑपरेशन्स कमिश्नर ओमप्रकाश की मॉनिटरिंग में की गई।

पुलिस को सूचना मिली थी कि खोरा बिसल क्षेत्र के गोविंद नगर स्थित एक मकान में आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मकान की घेराबंदी कर देर रात दबिश दी। दबिश के दौरान मकान के अंदर तीन आरोपी प्रदीप कुमार, अंकित और संजय क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगवाते हुए मिले। पुलिस ने मौके पर ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18 मोबाइल फोन, 5 लैपटॉप, 24 एटीएम कार्ड, 13 बैंक पासबुक, 5 सट्टा डायरी और एक वाई-फाई राउटर जब्त किया है। पुलिस के अनुसार जब्त सट्टा डायरियों में लाखों रुपए के लेन-देन और हिसाब-किताब दर्ज मिला है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ऑनलाइन माध्यम से लोगों को जोड़कर सट्टा नेटवर्क संचालित कर रहे थे। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क, बैंक खातों और अन्य जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। जयपुर पुलिस का कहना है कि मामले में आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं तथा ऑनलाइन सट्टा कारोबार से जुड़े अन्य ठिकानों की भी जांच की जा रही है।

Previous
Next

Related Posts