Sunday, 24 May 2026

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने किया शहर का निरीक्षण, यातायात सुधार और सौंदर्यीकरण के दिए निर्देश


लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने किया शहर का निरीक्षण, यातायात सुधार और सौंदर्यीकरण के दिए निर्देश

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

कोटा | लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार को संभागीय आयुक्त, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए) और नगर निगम अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर विकास कार्यों और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने शहर को व्यवस्थित, सुंदर और सुगम बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान ओम बिरला ने सभी राजकीय विभागों पर एक जैसे ग्लो साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, ताकि शहर में एकरूपता दिखाई दे। उन्होंने प्रमुख चौराहों पर स्लिप लेन चौड़ी करने, अतिक्रमण हटाने और सड़क पर पार्किंग की स्पष्ट मार्किंग करवाने को कहा। पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए गए कि निर्धारित स्थानों के अलावा सड़क पर वाहन खड़े न हों और इसकी प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए।

लोकसभा अध्यक्ष ने दाड़ाबाड़ी सर्किल और आइलैंड को ऐतिहासिक थीम पर विकसित करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी फ्लाइओवर पर आकर्षक पेंटिंग और डिजाइनिंग करवाई जाए। साथ ही गमले लगाने और हरियाली बढ़ाने पर भी जोर दिया ताकि शहर का स्वरूप और अधिक आकर्षक बन सके। उन्होंने यातायात व्यवस्था, सड़कों, अतिक्रमण और आमजन से जुड़ी सुविधाओं का मौके पर निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। ओम बिरला ने कहा कि शहर का विकास दूरदृष्टि और व्यवस्थित योजना के साथ होना चाहिए, जिससे लोगों को बेहतर आवागमन और नागरिक सुविधाएं मिल सकें।

निरीक्षण के दौरान केशवपुरा चौराहे के विकास, केशवपुरा से घटोत्कच तक बिजली लाइनों को अंडरग्राउंड करने तथा टेलीफोन और केबल पोल हटाने के निर्देश भी दिए गए। महावीर नगर चौराहे के विकास, घटोत्कच से एमबीएस मार्ग तक स्मार्ट रोड विकसित करने और एमबीएस मार्ग को व्यवस्थित रूप से विकसित करने की योजना तैयार करने को कहा गया। इसके अलावा विज्ञान नगर फ्लाइओवर पर यू-टर्न सुविधा विकसित करने पर चर्चा हुई। लोकसभा अध्यक्ष ने शहर के सभी नालों से अतिक्रमण हटाने तथा वहां व्यू कटर लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कोटिया भील, अनंतपुरा और रामधाम जंक्शन के विकास के लिए कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा।

इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष के ओएसडी राजीव दत्ता, संभागीय आयुक्त अनिल अग्रवाल, जिला कलेक्टर पीयूष सामारिया, पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम सहित केडीए, नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

    Previous
    Next

    Related Posts