



जयपुर | एसआई भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक मामले में स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) के पूर्व सदस्य बाबूलाल कटारा के तत्कालीन ड्राइवर नादान सिंह राठौड़ को गिरफ्तार किया है। एसओजी के अनुसार आरोपी ने अपने पद और प्रभाव का दुरुपयोग करते हुए अपने बेटे को भर्ती परीक्षा में अवैध लाभ दिलाने में भूमिका निभाई।
गिरफ्तार आरोपी नादान सिंह राठौड़ (50) अजमेर जिले के गेगल थाना क्षेत्र स्थित पदमपुरा गांव का मूल निवासी है और वर्तमान में अजमेर में रह रहा था। वह आरपीएससी, अजमेर में ड्राइवर के पद पर कार्यरत था।
मामले में आगे कार्रवाई करते हुए एसओजी ने 20 मई को नादान सिंह राठौड़ को गिरफ्तार किया। आरोपी को 21 मई गुरुवार को कोर्ट में पेश कर 22 मई तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है। एसओजी अब उससे गहन पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसे बाबूलाल कटारा द्वारा पेपर आउट किए जाने की जानकारी कैसे मिली और इस पूरे नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
एसआई भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। अब तक इस मामले में कुल 141 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी गहन पड़ताल कर रही हैं।
राज्य सरकार ने इस मामले में नकल माफिया और भर्ती परीक्षा घोटालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने की बात कही है। इसी के तहत एसओजी लगातार कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर रही है। जांच एजेंसियों का कहना है कि मामले में आगे भी कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आने की संभावना है।