



जयपुर | जयपुर के सिद्धार्थ नगर इलाके में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 15 महीने की मासूम बच्ची की मौत हो गई। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाली एक महिला लेक्चरर कार बैक करते समय बच्ची को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हादसा गुरुवार शाम करीब 5 बजे आबकारी थाने के पास स्थित सिद्धार्थ नगर क्षेत्र में हुआ। जानकारी के अनुसार मासूम किट्टू अपने घर के बाहर सड़क किनारे खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली महिला काजल ठाकुरिया अपनी कार को पीछे ले रही थी। बताया जा रहा है कि इसी दौरान बच्ची कार के पिछले टायर के नीचे आ गई।
घटना के बाद महिला कार से बाहर निकलकर खड़ी हो गई, जबकि बच्ची के परिजन उसी कार से उसे जवाहर सर्किल स्थित ईएचसीसी अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में करीब दो घंटे तक इलाज चलने के बाद बच्ची ने दम तोड़ दिया। बच्ची की मौत के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और अस्पताल में हंगामा भी हुआ।
मासूम के पिता दिनेश गुर्जर सिद्धार्थ नगर क्षेत्र में रहते हैं और आबकारी थाने के पास डेयरी संचालित करते हैं। परिवार में उनका एक पांच वर्षीय बेटा भी है। दिनेश गुर्जर ने बताया कि उनकी बेटी घर के बाहर खेल रही थी और पड़ोस में रहने वाली महिला कार बैक कर रही थी, तभी हादसा हो गया।
वहीं बच्ची के चाचा विक्रम सिंह गुर्जर ने आरोप लगाया कि गली में कई बच्चे खेल रहे थे और महिला ने सामने से बच्ची को टक्कर मारी, जिसके बाद कार को पीछे लिया गया। उन्होंने घटना को गंभीर लापरवाही बताया है।
मालवीय नगर एसीपी विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में 15 महीने की बच्ची की सड़क हादसे में मौत हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पड़ोस में रहने वाली महिला कार चला रही थी और कार बैक करते समय बच्ची उसकी चपेट में आ गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।