



जयपुर | भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा ने गुरुवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ की अनुशंसा के आधार पर भाजपा युवा मोर्चा की नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी। जारी सूची में प्रदेश उपाध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री, प्रदेश मंत्री, कोषाध्यक्ष, मीडिया प्रभारी, सोशल मीडिया प्रभारी, प्रवक्ता सहित विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
घोषित कार्यकारिणी में संगठनात्मक संतुलन और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को प्राथमिकता दी गई है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से युवा कार्यकर्ताओं को संगठन में जिम्मेदारी देकर पार्टी ने आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठन विस्तार की रणनीति को मजबूत करने का प्रयास किया है।
नई कार्यकारिणी में प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर जितेन्द्र सिंह राठौड़, दीनदयाल गुर्जर, राकेश कटारिया, शिवराज सिंह, राकेश पंवार, सुदर्शन गौतम, आशीष कुलहरी और त्रिलोकेश मीणा को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं प्रदेश महामंत्री के रूप में लोकेन्द्र सिंह रायथलिया और आदित्य पुजारी को नियुक्त किया गया है।
प्रदेश मंत्री पद पर धीरज शर्मा, रघुनाथ बिश्नोई, इंजी. राहुल लेघा, रमेश गुर्जर-रैपुरा, कृपाल सिंह चुंडावत, दिनेश राणा, दिव्यांश भारद्वाज, वी. के. कुशवाह और आदित्य सिंघानिया को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा संगठन में मीडिया, सोशल मीडिया, कार्यालय और प्रशिक्षण से जुड़े पदों पर भी नियुक्तियां की गई हैं। हर्षित शर्मा को मीडिया प्रभारी, मयूर वाल्मीकि को सोशल मीडिया प्रभारी तथा नमन शर्मा को आईटी संयोजक बनाया गया है। वहीं नीति एवं शोध संयोजक पद पर सुरेश सामरिया को जिम्मेदारी दी गई है।
प्रदेश कार्यकारिणी में बड़ी संख्या में युवा चेहरों को शामिल किया गया है। पार्टी का मानना है कि इससे संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी और युवाओं की भागीदारी बढ़ेगी। भाजपा युवा मोर्चा की नई टीम आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाएगी।
प्रदेशाध्यक्ष शंकर गोरा ने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी पदाधिकारी संगठन की विचारधारा को मजबूती देने और युवाओं के बीच पार्टी की नीतियों को पहुंचाने का कार्य करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी संगठन को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


