Thursday, 21 May 2026

वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकारों की सम्मान राशि बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रतिमाह, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दी मंजूरी


वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकारों की सम्मान राशि बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रतिमाह, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दी मंजूरी

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर | मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने पत्रकार कल्याण और सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकारों की मासिक सम्मान राशि बढ़ाने को मंजूरी दी है। अब पात्र वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकारों को 15 हजार रुपये के स्थान पर 18 हजार रुपये प्रतिमाह सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बाद सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (डीआईपीआर) ने राजस्थान वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकार सम्मान योजना में संशोधन करते हुए नई अधिसूचना जारी कर दी है। यह संशोधन वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में की गई घोषणा के अनुरूप लागू किया गया है।

डीआईपीआर द्वारा जारी राजस्थान वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकार सम्मान योजना (संशोधन) नियम-2026 के अनुसार ऐसे पूर्णकालिक अधिस्वीकृत पत्रकार, जिन्होंने दैनिक, साप्ताहिक, पाक्षिक समाचार पत्र, स्वतंत्र पत्रकारिता, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया या समाचार एजेंसी में कम से कम 20 वर्षों तक सेवायोजन कार्य किया हो, वे इस सम्मान राशि के पात्र होंगे। इस श्रेणी में संपादक, प्रकाशक और मालिक भी शामिल किए गए हैं। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए पत्रकार की आयु 60 वर्ष या उससे अधिक होना आवश्यक होगा।

राज्य सरकार के इस निर्णय के बाद वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकार सम्मान योजना के तहत लाभार्थी दिवंगत पत्रकार की पत्नी को मिलने वाली सम्मान निधि भी बढ़ा दी गई है। पहले यह राशि 7 हजार 500 रुपये प्रतिमाह थी, जिसे अब बढ़ाकर 9 हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है।

राज्य सरकार का कहना है कि पत्रकार लोकतंत्र के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और उनके कल्याण, सम्मान तथा सामाजिक सुरक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है। इस निर्णय से वरिष्ठ पत्रकारों को आर्थिक संबल मिलने के साथ-साथ उनके योगदान का सम्मान भी सुनिश्चित होगा।

Previous
Next

Related Posts