Thursday, 21 May 2026

राहुल गांधी के बयान के विरोध में जयपुर में भाजपा का प्रदर्शन, मदन राठौड़ ने कार्यकर्ताओं को बांटी मेलोडी टॉफी


राहुल गांधी के बयान के विरोध में जयपुर में भाजपा का प्रदर्शन, मदन राठौड़ ने कार्यकर्ताओं को बांटी मेलोडी टॉफी

जयपुर | जयपुर में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं को मेलोडी टॉफी बांटी। वहीं दूसरी ओर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को लेकर दिए गए कथित बयान के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए राहुल गांधी का पुतला फूंका।

प्रदेश भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं को मेलोडी टॉफी बांटते हुए मदन राठौड़ ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि इटली राहुल गांधी का ननिहाल है और वहां मेलोडी टॉफी देखते ही वह मचलने लगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को टॉफी के अलावा किसी अन्य विषय पर ध्यान नहीं रहा। राठौड़ ने इसे राहुल गांधी का बचपना बताते हुए कहा कि उन्होंने कार्यकर्ताओं से उसी टॉफी का स्वाद जानने के लिए उसे मंगवाने को कहा।

मदन राठौड़ ने कहा कि यदि किसी परिवार का सदस्य ही परिवार के मुखिया को अपशब्द कहे तो उसका असर पूरे परिवार पर पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने देश के प्रधानमंत्री के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की छवि प्रभावित हुई है।

इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश भाजपा कार्यालय से चौमूं हाउस सर्किल तक विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया। प्रदर्शन में प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, प्रदेश मंत्री सीताराम पोसवाल, महिला मोर्चा अध्यक्ष राखी राठौड़, युवा मोर्चा अध्यक्ष शंकर गोरा सहित महिला एवं युवा मोर्चा के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने चौमूं हाउस सर्किल से पहले बैरिकेड्स लगाकर कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ भाजपा कार्यकर्ता पुलिस से उलझ गए और कई कार्यकर्ता बैरिकेड्स कूदकर आगे बढ़ने लगे। बाद में भाजपा नेताओं की समझाइश के बाद कार्यकर्ता वापस लौटे।

हालांकि कार्यकर्ताओं ने चौमूं हाउस सर्किल पर ही प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ और चौराहे पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला।

जयपुर में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कार्यकर्ताओं को मेलोडी टॉफी बांटी, भाजपा कार्यकर्ताओं ने चौमूं हाउस सर्किल पर प्रदर्शन
जयपुर में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कार्यकर्ताओं को मेलोडी टॉफी बांटी, भाजपा कार्यकर्ताओं ने चौमूं हाउस सर्किल पर प्रदर्शन
Previous
Next

Related Posts