



जयपुर | जयपुर में राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अफ्रीकी मूल की एक विदेशी महिला को भारी मात्रा में मादक पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार बरामद नशीले पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2.56 करोड़ रुपए आंकी गई है।
डीआरआई अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई खुफिया सूचना के आधार पर की गई। 19 मई को मुंबई जाने वाली एक बस में यात्रा कर रही विदेशी महिला की गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर उसे जयपुर में रोककर पूछताछ की गई। इसके बाद महिला के सामान की गहन जांच की गई।
तलाशी के दौरान महिला के ट्रॉली बैग से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए गए। अधिकारियों के अनुसार बैग से 2256 ग्राम मेथामफेटामाइन, 142 ग्राम कोकीन तथा 46 ग्राम एमडीएमए बरामद किया गया है। बरामद नशीले पदार्थों को जब्त कर लिया गया है।
डीआरआई अधिकारियों का कहना है कि मामले में महिला से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मादक पदार्थों की यह खेप कहां से लाई गई थी तथा इसे कहां पहुंचाया जाना था। एजेंसी अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संभावित अंतरराज्यीय एवं अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की भी जांच कर रही है।
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि यह मामला संगठित मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। डीआरआई द्वारा महिला के यात्रा दस्तावेजों, संपर्कों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी जांच की जा रही है।