



जयपुर | राजस्थान में महिलाओं और छात्राओं से छेड़छाड़ की बढ़ती शिकायतों के बीच राजस्थान पुलिस की “कालिका पेट्रोलिंग यूनिट” ने विशेष अभियान चलाकर 48 घंटे के भीतर प्रदेशभर में 140 मनचलों और आरोपियों को गिरफ्तार किया। 14 और 15 मई को चलाए गए इस अभियान के तहत महिला पुलिसकर्मियों को सिविल ड्रेस में संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात किया गया, जहां उन्होंने आम महिलाओं की तरह मौजूद रहकर आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा।
जयपुर के जलमहल क्षेत्र में भी इसी अभियान के दौरान एक युवक ने एक महिला से अभद्रता करते हुए उसे आइसक्रीम खिलाने का प्रस्ताव दिया। युवक को यह अंदाजा नहीं था कि जिससे वह बदतमीजी कर रहा है, वह कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मी है। महिला पुलिसकर्मी के इशारे पर टीम सक्रिय हुई और कुछ ही देर में युवक को पकड़कर थाने पहुंचा दिया गया।
कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मी मुकेश कसाना ने बताया कि सिविल ड्रेस में ड्यूटी के दौरान कई बार आरोपी महिलाओं से छेड़छाड़ या अभद्र व्यवहार करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि यही इस अभियान की रणनीति का हिस्सा होता है, क्योंकि सामने वाले को यह जानकारी नहीं होती कि वे पुलिसकर्मी हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति गलत हरकत करता है, टीम उसे तुरंत पकड़ लेती है।
महिला पुलिसकर्मी शर्मिला ने बताया कि वह अपनी टीम के साथ जलमहल के ऊपरी क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थीं। टीम में चार महिला और दो पुरुष पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में मौजूद थे। इस दौरान जंगल क्षेत्र में कुछ युवक शराब पी रहे थे और महिला पुलिसकर्मियों को देखकर अश्लील टिप्पणियां करने लगे। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए युवकों को पकड़कर ब्रह्मपुरी थाने भेज दिया।
एक अन्य मामले में महिला पुलिसकर्मी सुनीता ने बस में सफर के दौरान देखा कि एक युवक बगल में बैठी युवती को लगातार कोहनी मारकर परेशान कर रहा था। युवती डरी-सहमी हुई थी और आसपास बैठे लोग भी चुप थे। जब सुनीता ने युवक को रोका तो उसने पूछा कि वह कौन होती है। इस पर सुनीता ने अपना पुलिस पहचान पत्र दिखाया और आरोपी को थाने ले जाकर कार्रवाई की।
इसी प्रकार महिला पुलिसकर्मी संगीता को एक छात्रा का फोन आया, जिसमें उसने शिकायत की कि कुछ युवक रोज बस में उसके साथ अभद्रता करते हैं और गंदी बातें बोलते हैं। सूचना मिलने पर कालिका टीम दादी का फाटक क्षेत्र पहुंची और छात्रा की निशानदेही पर आरोपियों को पकड़ लिया।
एक अन्य घटना में स्कूल जाने वाली बच्चियों ने शिकायत की कि एक युवक रोज उनका पीछा करता है। शिकायत मिलते ही महिला पुलिसकर्मी शर्मिला और नीलम मौके पर पहुंचीं। पकड़े जाने पर आरोपी हंगामा करने लगा और खुद को निर्दोष बताने लगा, लेकिन बच्चियों ने पुलिसकर्मियों को बताया कि वह लगातार उनका पीछा करता था। बच्चियां डरी हुई थीं, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाकर घर भेजा और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
राजस्थान पुलिस के इस विशेष अभियान के तहत जयपुर पुलिस आयुक्तालय में 17, खैरथल-तिजारा में 14, कोटपूतली-बहरोड़ में 11, हनुमानगढ़, झुंझुनूं और बूंदी में 10-10, डूंगरपुर और सवाई माधोपुर में 9-9 तथा जोधपुर पुलिस आयुक्तालय और भिवाड़ी में 8-8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा भी कई जिलों में कार्रवाई की गई।
कालिका पेट्रोलिंग यूनिट महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए गठित विशेष पुलिस टीम है, जो सिविल ड्रेस में स्कूल, कॉलेज, बस स्टैंड, पार्क और पर्यटन स्थलों पर निगरानी रखती है। यह टीम हेल्पलाइन पर शिकायत मिलने के बाद तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करती है और आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ने का कार्य करती है।