Wednesday, 20 May 2026

राहुल गांधी हताशा में घटिया शब्दावली का प्रयोग कर रहे, कांग्रेस उन्हें मनोचिकित्सक को दिखाए: मदन राठौड़


राहुल गांधी हताशा में घटिया शब्दावली का प्रयोग कर रहे, कांग्रेस उन्हें मनोचिकित्सक को दिखाए: मदन राठौड़

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर | भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि देश में कांग्रेस की लगातार घटती स्वीकार्यता के कारण राहुल गांधी हताशा में आकर निम्न स्तर की भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। मदन राठौड़ ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के लिए अशोभनीय शब्दों का प्रयोग करना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है और कांग्रेस पार्टी को राहुल गांधी को मनोचिकित्सक को दिखाना चाहिए।

मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ राहुल गांधी का बयान उनकी राजनीतिक हताशा की पराकाष्ठा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि आदर्श लोकतंत्र में इस प्रकार की भाषा स्वीकार्य नहीं हो सकती और जनता भी इस तरह की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के इस व्यवहार के लिए जनता को उनका नागरिक बहिष्कार करना चाहिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी के बयान उनके संस्कारों की कमी को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को समृद्ध और विकसित राष्ट्र बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं, जबकि कांग्रेस नेता उनके लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी के इसी रवैये के कारण जनता ने उसे लगातार हाशिए पर पहुंचा दिया है।

मदन राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस आज देश के अधिकांश राज्यों में सत्ता से बाहर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि केवल राहुल गांधी ही नहीं, बल्कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और मणिशंकर अय्यर जैसे नेताओं द्वारा भी समय-समय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया, लेकिन जनता ने हर बार कांग्रेस को करारा जवाब दिया है।

उन्होंने कहा कि देश की जनता राहुल गांधी के नेतृत्व को पूरी तरह नकार चुकी है। कांग्रेस के कुछ नेता लगातार निम्न स्तर की शब्दावली का प्रयोग कर रहे हैं, जो भारतीय लोकतंत्र की गरिमा के अनुरूप नहीं है। मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने का कार्य किया है और देश को दुनिया की बड़ी शक्तियों में शामिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में रेलवे, सड़क, एयर कनेक्टिविटी, औद्योगिक विकास, चिकित्सा सुविधाओं, युवाओं के रोजगार और किसानों की आय बढ़ाने के क्षेत्र में व्यापक कार्य हुए हैं। उन्होंने चंद्रयान मिशन, सर्जिकल स्ट्राइक और “ऑपरेशन सिंदूर” जैसे अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे दुनिया में भारत की ताकत और क्षमता का संदेश गया है। इसके बावजूद विपक्ष स्तरहीन राजनीति कर रहा है, जो उचित नहीं है।

मदन राठौड़ ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और गैस की उपलब्धता को लेकर भी विपक्ष अनावश्यक भय फैलाने का प्रयास कर रहा है, जबकि देश में पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा संसाधनों के संतुलित और जिम्मेदार उपयोग की बात करते हैं और मितव्ययता की सलाह देना गलत नहीं है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन किसी भी राजनीतिक नेता के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं माना जा सकता। मदन राठौड़ ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ मीडिया सहित देश की जनता भी इस प्रकार की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी और कांग्रेस को जनता इसका जवाब देगी।

Previous
Next

Related Posts