Thursday, 21 May 2026

आंगनबाड़ियों में बच्चों को मिलेगा न्यूट्री पुलाव, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने किया स्वाद परीक्षण


आंगनबाड़ियों में बच्चों को मिलेगा न्यूट्री पुलाव, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने किया स्वाद परीक्षण

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

उपमुख्यमंत्री एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री दिया कुमारी ने सचिवालय में बुधवार को आंगनबाड़ियों में बच्चों को दिए जाने वाले हॉट कुक्ड मील (एचसीएम) के तहत नई रेसिपी न्यूट्री पुलाव प्रीमिक्स का स्वाद परीक्षण किया। यह परीक्षण निदेशालय समेकित बाल विकास सेवाएं (आईसीडीएस) और कॉन्फेड की ओर से प्रस्तुत सैंपल पर किया गया।

वर्तमान में आंगनबाड़ियों में 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को उपमा प्रीमिक्स रेसिपी दी जा रही है। इसके स्थान पर अब न्यूट्री पुलाव प्रीमिक्स को शामिल करने की तैयारी की जा रही है। कॉन्फेड द्वारा प्रस्तुत इस रेसिपी को पकाकर तैयार किया गया, जिसका स्वाद परीक्षण स्वयं उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने किया।

दिया कुमारी ने कहा कि राजस्थान की पृष्ठभूमि और बच्चों के स्वाद को ध्यान में रखते हुए न्यूट्री पुलाव प्रीमिक्स अधिक उपयुक्त और स्वादानुकूल प्रतीत होता है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर इसे बच्चों को दिए जाने की दिशा में कार्रवाई की जाए।

उपमुख्यमंत्री ने कॉन्फेड को यह भी निर्देशित किया कि वर्तमान में आंगनबाड़ियों में नाश्ते के रूप में दिए जा रहे मुरमुरे के स्थान पर भी बेहतर और अधिक पौष्टिक विकल्प तैयार किए जाएं। उन्होंने कहा कि यह विकल्प वर्तमान निर्धारित दरों के भीतर ही उपलब्ध कराए जाएं, ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण पोषण मिल सके।

महिला एवं बाल विकास विभाग की इस पहल को बच्चों के पोषण स्तर में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभाग का प्रयास है कि आंगनबाड़ियों में मिलने वाले भोजन को बच्चों के स्वाद और स्वास्थ्य दोनों के अनुरूप बनाया जाए।

Previous
Next

Related Posts