Saturday, 29 August 2026

शुक्रवार को करेंगे तीन बड़ी परियोजनाओं का शुभारंभ


शुक्रवार को करेंगे तीन बड़ी परियोजनाओं का शुभारंभ

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

राजस्थान को शुक्रवार को रेलवे क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव प्रदेश दौरे पर रहेंगे और इस दौरान वे रेलवे की तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार रेलमंत्री जोधपुर और जालोर में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इस दौरे को राजस्थान में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार जोधपुर में आयोजित कार्यक्रम में रेलमंत्री साबरमती-जोधपुर रेलसेवा का विस्तार जैसलमेर तक करेंगे। इसके बाद साबरमती से जैसलमेर तक सीधी रेल कनेक्टिविटी स्थापित हो जाएगी। इससे यात्रियों के साथ-साथ पर्यटन क्षेत्र को भी बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। पश्चिमी राजस्थान आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को अब अधिक सुविधा मिल सकेगी।

इसके साथ ही रेलमंत्री जोधपुर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की कोच संरचना में बदलाव का शुभारंभ भी करेंगे। वर्तमान में यह ट्रेन 8 कोच के साथ संचालित हो रही है, लेकिन अब इसे 20 कोच के साथ चलाया जाएगा। रेलवे का मानना है कि इससे यात्रियों को लंबी वेटिंग से राहत मिलेगी और यात्रा सुविधा बेहतर होगी। कार्यक्रम में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी मौजूद रहेंगे।

इसके बाद रेलमंत्री जालोर पहुंचेंगे, जहां वे नई भुज-दिल्ली रेलसेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस नई रेलसेवा के शुरू होने से जालोर को पहली बार जयपुर और देश की राजधानी दिल्ली से सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। क्षेत्र के लोग लंबे समय से इस रेलसेवा की मांग कर रहे थे।

नई रेलसेवा भुज से दिल्ली के बीच संचालित होगी और अंजार, गांधीधाम, भचाउ, भीलड़ी, धनेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, जालोर, मोकलसर, समदड़ी, लूनी, पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, अलवर और रेवाड़ी स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इससे राजस्थान और गुजरात के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

बताया जा रहा है कि रेलमंत्री शुक्रवार को जालोर से ट्रेन के जरिए पाली भी पहुंचेंगे, जहां वे एक अन्य कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद शनिवार को उनका जयपुर दौरा प्रस्तावित है। जयपुर में वे रोजगार मेले में शामिल होंगे और इस दौरान जयपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण भी कर सकते हैं।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार जयपुर जंक्शन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य प्रगति पर हैं, जिनका उद्देश्य स्टेशन को आधुनिक और अधिक सुविधाजनक बनाना है।

    Previous
    Next

    Related Posts