Wednesday, 20 May 2026

पेट्रोल-डीजल संकट पर डोटासरा का हमला, बोले- हालात ऐसे रहे तो लॉकडाउन जैसे हालात बन जाएंगे


पेट्रोल-डीजल संकट पर डोटासरा का हमला, बोले- हालात ऐसे रहे तो लॉकडाउन जैसे हालात बन जाएंगे

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और ईंधन संकट को लेकर केंद्र तथा राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, उद्योग बंद हो रहे हैं और यदि यही स्थिति बनी रही तो आने वाले 10 से 15 दिनों में देश में लॉकडाउन जैसे हालात पैदा हो सकते हैं।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा ने कहा कि देश में पेट्रोल-डीजल की किल्लत बढ़ती जा रही है और लगातार दाम बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उद्योग-धंधों पर ताले लगने लगे हैं, रुपए में ऐतिहासिक गिरावट आ रही है और आम जनता महंगाई की मार झेल रही है। उनके अनुसार हालात लगातार भयावह होते जा रहे हैं और स्थिति केंद्र सरकार के नियंत्रण से बाहर होती दिखाई दे रही है।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या देश एक बार फिर लॉकडाउन की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल पंपों पर ईंधन की सीमा तय कर दी गई है और उद्योगों को पर्याप्त मात्रा में डीजल-पेट्रोल नहीं मिल पा रहा है, जिससे आर्थिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनकी “पर्ची” जल्द बदलने वाली है।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा ने राज्य सरकार के मंत्रियों द्वारा ईंधन बचत के नाम पर किए जा रहे अभियानों को भी दिखावा बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुश करने के लिए राजस्थान में केवल इवेंट मैनेजमेंट किया जा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कोई मंत्री खाली बस में सफर कर रहा है, कोई स्कूटी चला रहा है और कोई रेल यात्रा कर रहा है, जबकि यह सब केवल दिखावे के लिए किया जा रहा है। उन्होंने परिवहन मंत्री पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यदि मंत्री अपनी निजी गाड़ियों से यात्रा करते तो कम ईंधन खर्च होता, लेकिन खाली बसें चलाकर ईंधन बचत का संदेश देना केवल राजनीतिक नौटंकी है।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा ने स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री को अब सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। आरोप लगाया कि एक पसंदीदा अधिकारी को विशेष नियुक्ति नहीं मिलने के कारण स्वास्थ्य मंत्री नाराज होकर बैठ गए हैं और विभागीय कामकाज प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य की स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से बेपटरी हो चुकी हैं और ब्यूरोक्रेसी हावी हो गई है। साथ ही आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार बढ़ रहा है और चिरंजीवी योजना लगभग समाप्त जैसी स्थिति में पहुंच गई है।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पहले ही पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ने, मंदी और आर्थिक संकट को लेकर चेतावनी दी थी और अब वही स्थिति सामने आ रही है। उन्होंने दावा किया कि गैस आधारित कई उद्योग बंद हो चुके हैं, जिससे हजारों मजदूर और कर्मचारी प्रभावित हुए हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आम लोगों को सीमित मात्रा में ही पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा है और बड़े उद्योगों को भी आवश्यक ईंधन उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।

Previous
Next

Related Posts