Wednesday, 20 May 2026

प्रेमी युवक को रातभर बंधक बनाकर अमानवीय व्यवहार, बाल-दाढ़ी और भौहें काटीं, वीडियो वायरल


प्रेमी युवक को रातभर बंधक बनाकर अमानवीय व्यवहार, बाल-दाढ़ी और भौहें काटीं, वीडियो वायरल

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

बाड़मेर जिले के बाड़मेर के सदर थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर रातभर बंधक बनाए रखा और उसके साथ मारपीट तथा अपमानजनक हरकतें कीं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार युवक देर रात करीब एक बजे अपनी परिचित युवती से मिलने उसके गांव के पास पहुंचा था। दोनों गांवों के बीच लगभग 30 से 32 किलोमीटर की दूरी बताई जा रही है। युवक और युवती गांव के बाहर एक स्थान पर बैठकर बातचीत कर रहे थे, तभी कुछ ग्रामीण वहां पहुंच गए और दोनों को पकड़ लिया। आरोप है कि ग्रामीण युवक को जबरन अपने साथ ले गए और उसके हाथ रस्सी से बांधकर बंधक बना लिया। इस दौरान युवती लगातार रोते हुए दोनों को छोड़ने की गुहार लगाती रही, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने उसकी बात नहीं मानी।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने युवक के साथ बेहद अपमानजनक व्यवहार किया। पहले उसके सिर के एक तरफ के बाल काट दिए गए, फिर उसकी दाढ़ी और मूंछ भी एक तरफ से काटी गई। इतना ही नहीं, युवक की भौहों के बाल तक काट दिए गए। इस दौरान वहां मौजूद कुछ लोग घटना का वीडियो भी बनाते रहे। ग्रामीणों ने युवक को दोबारा गांव में आने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। जानकारी के मुताबिक युवक और युवती को करीब पांच घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया। सुबह करीब छह बजे युवक को वहां से जाने दिया गया।

घटना के बाद दोनों युवक-युवती डरे और सहमे हुए बताए जा रहे हैं। वायरल वीडियो सामने आने के बाद बाड़मेर के सदर थाना पुलिस सक्रिय हुई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार वीडियो के आधार पर युवक और युवती की पहचान कर ली गई है। जांच के लिए पुलिस टीम युवक के गांव भेजी गई है और दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन वायरल वीडियो और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना में कितने लोग शामिल थे और वीडियो किसने बनाया।

    Previous
    Next

    Related Posts