Sunday, 24 May 2026

खाटू श्याम मंदिर सेवा समिति की फॉर्च्यूनर कार ने 3 बाइक को मारी टक्कर, एक युवक की मौत, 5 घायल, शराब की बोतलों से भरा मिला एक कार्टन


खाटू श्याम मंदिर सेवा समिति की फॉर्च्यूनर कार ने 3 बाइक को मारी टक्कर, एक युवक की मौत, 5 घायल, शराब की बोतलों से भरा मिला एक कार्टन

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

अजमेर जिले में पुष्कर घाटी के पास सोमवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पुष्कर से अजमेर आ रही एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने एक के बाद एक तीन मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। हादसे में पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक युवक की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार हादसा सोमवार रात करीब पौने दस बजे पुष्कर थाना क्षेत्र की पुष्कर घाटी में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार काफी तेज थी और टक्कर के बाद कई बाइक सवार युवक कार के साथ कुछ दूरी तक घिसटते चले गए।

पुलिस के अनुसार हादसे में रवि नामक युवक की मौत हो गई। वह अजमेर के धौलाभाटा क्षेत्र का निवासी था और पेंटिंग का काम करता था। रवि अपने बहनोई जितेंद्र उर्फ सोनू के साथ बाइक पर सवार था। जितेंद्र भी हादसे में घायल हुआ है। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया था। हादसे में कुल चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनमें से तीन का अस्पताल में उपचार जारी है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि दुर्घटनाग्रस्त फॉर्च्यूनर कार खाटू श्याम मंदिर सेवा समिति के नाम पर पंजीकृत है। हादसे के बाद कार के पास समिति से जुड़े सदस्य दिग्विजय सिंह घायल अवस्था में मिले। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वे घायल दिखाई दे रहे हैं।मौके पर पहुंची पुलिस को कार से शराब की बोतलों से भरा एक कार्टन भी मिला, जिसे जब्त कर लिया गया है। हालांकि पुलिस फिलहाल मामले में खुलकर कुछ भी कहने से बच रही है और जांच जारी होने की बात कर रही है।

मंदिर सेवा समिति के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष सामने नहीं आ सका क्योंकि उन्होंने फोन कॉल रिसीव नहीं किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों और कार चला रहे व्यक्ति की भूमिका की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हादसे के समय चालक नशे में था या नहीं।

अजमेर के पुष्कर घाटी क्षेत्र में तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार हादसे के बाद कार के पास समिति से जुड़े सदस्य दिग्विजय सिंह और शराब की बोतल बरामद
अजमेर के पुष्कर घाटी क्षेत्र में तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार हादसे के बाद कार के पास समिति से जुड़े सदस्य दिग्विजय सिंह और शराब की बोतल बरामद
Previous
Next

Related Posts