



जयपुर। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने नीट पेपरलीक को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला। साथ ही उन्होंने अपनी पार्टी के नेताओं और पदाधिकारियों पर भी खुलकर तंज कसा। डोटासरा जयपुर के आरएएस क्लब में कांग्रेस के चिकित्सा प्रकोष्ठ की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
डोटासरा ने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस में विधायक, मंत्री और सांसद बनने के बाद नेता जमीन से 2 फीट ऊपर चलने लग जाते हैं और दिक्कत वहीं से शुरू हो जाती है। उन्होंने कहा कि जिन सांसदों और संगठन के पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है वे अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रहे। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस के नेता विचारधारा, संविधान और लोकतंत्र की बात जनता के बीच लेकर जाएं तो भाजपा के पास इसका कोई जवाब नहीं होगा।
पीएम मन की बात करते हैं, काम की नहीं
नीट पेपरलीक पर प्रधानमंत्री मोदी को निशाने पर लेते हुए डोटासरा ने कहा कि पीएम मोदी केवल मन की बात करते हैं, काम की बात कभी नहीं करते। परीक्षा पर चर्चा करते हैं लेकिन पेपर लीक होने से नहीं रोक पाते। उन्होंने कहा कि अगर डॉक्टर ही फर्जी बनने लगेंगे तो देश में क्या होगा। डोटासरा ने कहा कि वक्त आ गया है कि युवाओं के पेपर आउट करने वालों को सत्ता से भी आउट किया जाए।