Tuesday, 19 May 2026

मुख्यमंत्री भजनलाल की जनसुनवाई: मौके पर सुलझाईं समस्याएं, बोले — लापरवाह कार्मिकों पर हो सख्त कार्रवाई


मुख्यमंत्री भजनलाल की जनसुनवाई: मौके पर सुलझाईं समस्याएं, बोले — लापरवाह कार्मिकों पर हो सख्त कार्रवाई

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित जनसुनवाई में प्रदेशभर से आई महिलाओं, विशेष योग्यजन, वरिष्ठ नागरिकों एवं विभिन्न वर्गों के लोगों की समस्याएं संवेदनशीलता से सुनीं। अनेक प्रकरणों में अधिकारियों को निर्देश देकर मौके पर ही समाधान किया गया, जिससे परिवादी बेहद संतुष्ट नजर आए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसुनवाई आमजन और शासन के बीच विश्वास एवं संवाद का प्रभावशाली माध्यम है। उन्होंने कहा कि सरकार सुशासन के उच्च मानकों पर कार्य करते हुए अंतिम पंक्ति पर बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में आए सभी प्रकरणों की समय-समय पर मॉनिटरिंग की जाए और परिवादी को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। साथ ही परिवेदनाओं के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

ताराचंद को मिली ट्राई साइकिल, विशाल को छात्रवृत्ति

जनसुनवाई में नागौर के विशेष योग्यजन ताराचंद माली ने स्कूटी और इलेक्ट्रिक ट्राई साइकिल न मिल पाने की पीड़ा मुख्यमंत्री के सामने रखी। मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए अधिकारियों को शीघ्र स्कूटी और इलेक्ट्रिक ट्राई साइकिल दिलाने के निर्देश दिए। वहीं करौली के विशाल कुमार मीणा ने बताया कि उन्हें उत्तर मेट्रिक छात्रवृत्ति योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा, जिससे आगे की पढ़ाई जारी रखना मुश्किल हो रहा है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल छात्रवृत्ति दिलाने के निर्देश दिए। दोनों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया।

जनसुनवाई में सामाजिक न्याय, ग्रामीण विकास, श्रम, कृषि, गृह, राजस्व, जेडीए, नगर निगम, शिक्षा, चिकित्सा और पेयजल सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी परिवेदनाएं सुनी गईं। मुख्यमंत्री ने इस दौरान विभिन्न जनप्रतिनिधियों द्वारा लाए गए पोस्टरों का विमोचन भी किया।

Previous
Next

Related Posts