Sunday, 24 May 2026

राज्यपाल बागड़े का तंज — दूसरे टीकाराम मुख्यमंत्री होंगे, नहीं लगता, खाली विश्वविद्यालयों और कमजोर शिक्षा पर भी उठाए सवाल


राज्यपाल बागड़े का तंज — दूसरे टीकाराम मुख्यमंत्री होंगे, नहीं लगता, खाली विश्वविद्यालयों और कमजोर शिक्षा पर भी उठाए सवाल

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने विधानसभा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली पर मजाकिया अंदाज में सियासी तंज कसा। राज्यपाल ने राजस्थान के पहले निर्वाचित मुख्यमंत्री टीकाराम पालीवाल का जिक्र करते हुए टीकाराम जूली की तरफ इशारा किया और कहा कि जब पहले मुख्यमंत्री का नाम टीकाराम सुना तो लगा यही होंगे, लेकिन इनकी उम्र कम है। उन्होंने कहा कि दूसरे टीकाराम मुख्यमंत्री होंगे, ऐसा भी नहीं लगता।

राज्यपाल की इस टिप्पणी पर वहां मौजूद विधायक हंसने लगे, जिसके बाद बागड़े ने सफाई देते हुए कहा कि वे टीकाराम जूली के बारे में नहीं, बल्कि महाराष्ट्र का किस्सा बता रहे हैं जहां दो नेता प्रतिपक्ष इस्तीफा देकर सत्ताधारी पक्ष में शामिल होकर मंत्री बन गए थे।

विधानसभा अध्यक्ष का काम — विधायकों को बैठाना

अपने महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष के कार्यकाल का किस्सा सुनाते हुए बागड़े ने मजाकिया अंदाज में कहा कि गांव में दोस्तों ने पूछा कि अध्यक्ष का सबसे महत्वपूर्ण काम क्या होता है तो उन्होंने कहा कि विधायकों को नीचे बैठाना। इस पर भी सदन में हंसी का माहौल रहा।

खाली विश्वविद्यालयों पर उठाए गंभीर सवाल

राज्यपाल ने उच्च शिक्षा की स्थिति पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि राजस्थान में कई विश्वविद्यालय ऐसे हैं जहां तीन साल से एक भी छात्र नहीं है। नाम विश्वविद्यालय का है, लेकिन वहां केवल कुलपति, रजिस्ट्रार और एक अधिकारी है। एक विश्वविद्यालय को तोड़कर दो-तीन नए बना देने से आय बंट जाती है और विश्वविद्यालयों के प्रबंधन पर बोझ बढ़ता है।

गोल्ड मेडलिस्ट भी नहीं देना चाहते UPSC-RPSC की परीक्षा

राज्यपाल ने दीक्षांत समारोहों के अनुभव साझा करते हुए कहा कि गोल्ड मेडलिस्ट और टॉपर छात्रों से जब UPSC और RPSC परीक्षा देने के बारे में पूछा तो कोई इच्छुक नहीं मिला। उन्होंने कहा कि इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि शिक्षा का फाउंडेशन मजबूत नहीं है।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली भी मंच पर मौजूद थे।

Previous
Next

Related Posts