



तिरुवनंतपुरम। कांग्रेस नेता वीडी सतीशन ने आज तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में केरल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उन्होंने मलयालम में पद और गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। सतीशन के बाद उनकी कैबिनेट के 20 मंत्रियों ने भी एक साथ शपथ ली। सतीशन के अनुसार 60 साल बाद केरल में पूरी कैबिनेट एक साथ शपथ ले रही है।
इससे पहले केरल के तीसरे मुख्यमंत्री आर. शंकर ने 1962 में पूरी कैबिनेट के साथ शपथ ली थी, लेकिन 1964 में अविश्वास प्रस्ताव के बाद उनकी सरकार गिर गई थी।
शपथ ग्रहण समारोह में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा सहित सभी कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री उपस्थित रहे। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी समारोह में शामिल हुए। विदेश में होने के कारण सांसद शशि थरूर समारोह में नहीं पहुंच सके। शपथ के बाद सतीशन राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित मंच पर मौजूद सभी लोगों से मिले।
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने केरल की जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने शानदार जनादेश दिया है और जो भी वादे किए गए हैं, वे पूरे किए जाएंगे।