


बौंली (सवाईमाधोपुर)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने रविवार को बौंली कस्बे में आयोजित दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान आवासीय शिविर में शिरकत की। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष मानसिंह गुर्जर के नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष का अभिनंदन किया गया।
शिविर को संबोधित करते हुए मदन राठौड़ ने भारतीय जनता पार्टी को अन्य दलों से अलग और श्रेष्ठ बताया। उन्होंने राष्ट्रीय एकता और संगठन की मजबूती को प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बताते हुए देश सेवा को प्राथमिकता देने की अपील की। राठौड़ ने कार्यकर्ताओं से भारत देश को अपना परिवार समझते हुए राष्ट्र के प्रति पूरी तरह समर्पित होने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि हर 5 साल में प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जाता है, जिसमें कार्यकर्ताओं को देश सेवा और देश प्रेम की भावनाओं से जोड़ने का काम होता है।
शिविर का शुभारंभ शनिवार को हुआ था, जिसमें एकात्मक मानववाद से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। 17 मंडल के 250 से अधिक कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ पदाधिकारियों को दक्ष प्रशिक्षकों ने प्रशिक्षित किया। शनिवार रात वृंदावन से आई सत्संग मंडली ने भजनों की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री नारायण सिंह, पूर्व सांसद सुखवीर सिंह जौनपुरिया, पूर्व केशवराय पाटन विधायक चंद्रकांता मेघवाल सहित अनेक नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।