Monday, 18 May 2026

गंगापुरसिटी: सरपंच के बेटे ने यातायात पुलिसकर्मियों से की मारपीट, वर्दी फाड़ी और केबिन में कुर्सी-टेबल तोड़े


गंगापुरसिटी: सरपंच के बेटे ने यातायात पुलिसकर्मियों से की मारपीट, वर्दी फाड़ी और केबिन में कुर्सी-टेबल तोड़े

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

गंगापुरसिटी। यातायात नियमों की अवहेलना करने पर कार रोकना यातायात पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। रविवार को एक युवक ने खुद को सरपंच का बेटा और पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष बताते हुए यातायात विभाग के एएसआई और दो कांस्टेबलों के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि युवक ने पुलिसकर्मियों की वर्दी फाड़ी, चालान बुक फाड़ी और केबिन में घुसकर कुर्सी-टेबल तक तोड़ डाले। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में लिया और उसकी बोलेरो गाड़ी जब्त कर ली।

फव्वारा चौक पर हुई घटना

एएसआई कुशल कुमार की रिपोर्ट के अनुसार वे रविवार को कांस्टेबल नाहरसिंह के साथ फव्वारा चौक पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान एक सफेद रंग की बोलेरो कार वहां पहुंची। कार पर लाल रंग से राजस्थान हाईकोर्ट लिखा था, आगे के शीशे पर राजस्थान विश्वविद्यालय अंकित था, चालक ने सीट बेल्ट नहीं लगाई थी और शीशों पर काली फिल्म चढ़ी थी।

कांस्टेबल नाहरसिंह ने कार चालक को रोका तो उसने वाहन बीच सड़क पर खड़ा कर दिया। चालान बनाने की बात कहने पर युवक भड़क गया और धमकी देते हुए कहा कि मैं सरपंच का बेटा हूं, एमएलए-एमपी से जान-पहचान है और पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष रहा हूं, तेरी पूरी थानेदारी निकलवा दूंगा।

केबिन में घुसकर मचाया उत्पात

इसके बाद युवक ने एएसआई कुशल कुमार और कांस्टेबल नाहरसिंह के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी। मौके पर पहुंचे कांस्टेबल प्रेमराज के साथ भी हाथापाई की। पुलिसकर्मी खुद को बचाने के लिए केबिन में घुस गए, लेकिन युवक वहां भी पहुंच गया और कुर्सी-टेबल तोड़ने के साथ चालान बुक फाड़ दी। इस दौरान एएसआई और कांस्टेबलों की वर्दी भी फट गई और उन्हें अंदरूनी चोटें आईं।

सीआई बृजेश कुमार ने बताया कि एएसआई की रिपोर्ट पर युवक के खिलाफ मारपीट और राजकार्य में बाधा का मामला दर्ज किया गया है। गाड़ी जब्त कर युवक को हिरासत में लिया गया है।

    Previous
    Next

    Related Posts