Monday, 18 May 2026

झालावाड़ में सनसनीखेज डकैती: नकाबपोश बदमाशों ने सर्राफा कारोबारी के घर परिवार को बंधक बनाया, 140 किलो चांदी और 10 लाख नकद लूटे


झालावाड़ में सनसनीखेज डकैती: नकाबपोश बदमाशों ने सर्राफा कारोबारी के घर परिवार को बंधक बनाया, 140 किलो चांदी और 10 लाख नकद लूटे

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

झालावाड़। सारोलाकलां कस्बे के झंडा बाजार स्थित सघन आबादी वाले इलाके में शनिवार देर रात आधा दर्जन से अधिक हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने सर्राफा कारोबारी महेश सोनी के घर धावा बोल दिया। बदमाशों ने पूरे परिवार को बंदूक की नोक पर बंधक बनाकर अलग-अलग कमरों में बंद कर दिया और करीब डेढ़ घंटे तक आतंक मचाते हुए 140 किलो चांदी के जेवरात, एक किलो सोने के आभूषण और लगभग 10 लाख रुपए नकद लूटकर फरार हो गए।

परिवार को बनाया बंधक, महिलाओं से की मारपीट

पीड़ित महेश सोनी ने बताया कि वे अपनी पत्नी ऊषा के साथ दूसरी मंजिल पर सो रहे थे, जबकि मां कृष्णा सोनी, बहन नीतू सोनी, भाई आनंद और किडनी रोग से पीड़ित बुजुर्ग पिता बद्रीलाल सोनी नीचे पहली मंजिल पर थे। बदमाश रात करीब एक से डेढ़ बजे के बीच घर के अंदर घुस आए और सभी को बंधक बना लिया।

बहन नीतू सोनी ने बताया कि बदमाशों ने पिस्तौल कनपटी पर तानकर दो मंगलसूत्र, सोने की चेन और मोबाइल छीन लिए। विरोध करने पर उनका गला दबाया और बाल पकड़कर घसीटते हुए कमरे में बंद कर दिया। मां कृष्णा सोनी ने बताया कि बदमाशों ने किडनी रोग से पीड़ित बुजुर्ग पति से भी मारपीट की और मानसिक रूप से कमजोर बेटे की गुहार को भी नहीं सुना।

दीवार की आलमारी तोड़कर लूटा माल

बदमाशों ने दूसरे कमरे का ताला तोड़कर दीवार में बनी आलमारी के किवाड़ भी तोड़ दिए। उसमें 8 पीपों में रखे करीब 140 किलो चांदी के जेवरात, एक किलो सोने के आभूषण और 10 लाख रुपए नकद समेट लिए। महेश सोनी ने बताया कि घर में रखे आभूषण दुकान के थे और कई लोगों ने गहने गिरवी रखकर पैसा ले रखा था।

ऊषा सोनी ने बताया कि नीचे से चीख-पुकार सुनने पर जब वे उतरने लगीं तो बाहर से गेट बंद मिला। मशक्कत से गेट तोड़कर नीचे पहुंचे तो 4-5 बदमाश हाथों में पीपे लेकर भागते दिखे और शोर मचाने पर अंधेरे में गायब हो गए।

रेकी कर आए थे बदमाश, पुलिस जांच में जुटी

बताया जा रहा है कि बदमाश वारदात से पहले सामने स्थित एक सूने मकान का ताला तोड़कर वहां छिपे बैठे थे, जिससे स्पष्ट है कि वे पूरी रेकी और योजना बनाकर आए थे। सारोला थानाधिकारी बुद्धराम चौधरी देर रात मौके पर पहुंचे। रविवार सुबह डीएसटी, मोबाइल इन्वेस्टिगेशन यूनिट और एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए।

रविवार दोपहर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मामले के खुलासे के लिए जिले की स्पेशल टीमें संदिग्धों की तलाश में जुट गई हैं। मोबाइल लोकेशन निकाली जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

    Previous
    Next

    Related Posts