



उदयपुर। राजस्थान के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने शुक्रवार को उदयपुर में एक शादी समारोह के दौरान मीडिया से बातचीत में केंद्र सरकार और राज्य सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने आरएसएस के राष्ट्रीय महासचिव दत्तात्रेय होसबाले के पाकिस्तान से बातचीत के दरवाजे बंद न करने वाले बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी।
जूली ने कहा कि एक तरफ कहा जाता था कि खून और पानी एक साथ नहीं बह सकता, फिर आज पाकिस्तान से बातचीत की जरूरत क्यों पड़ रही है — इसका जवाब आरएसएस को देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने जब-जब गड़बड़ी की है, इस देश और सेना ने उसका मुंहतोड़ जवाब दिया है। आरएसएस का पाकिस्तान से बातचीत की पैरवी करना हमारे शहीद सैनिकों के शौर्य का अपमान है।
विदेश नीति पर भी उठाए सवाल
जूली ने भारत की विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ अमेरिका भारत की फजीहत कर रहा है और दूसरी तरफ आरएसएस पाकिस्तान से बातचीत की वकालत कर रही है। उन्होंने कहा कि जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद पांच देशों की विदेश यात्रा पर जा रहे हैं, वे देश की जनता को सादगी और त्याग की सलाह दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले खुद त्याग करें, फिर दूसरों को सलाह दें।
जूली ने कहा कि यह देश महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री और इंदिरा गांधी जैसे नेताओं के त्याग को फॉलो करने वाला समाज है। कोरोना संकट के समय जनता ने पीएम मोदी के कहने पर ताली-थाली भी बजाई, लेकिन अब जनता का विश्वास टूट चुका है।
मंत्रियों के ऑटो-ट्रेन सफर को बताया नाटक
पीएम मोदी की पेट्रोल-डीजल बचत अपील के बाद मंत्रियों के ऑटो और ट्रेन में सफर पर जूली ने कहा कि यह केवल फोटो खिंचवाने और रील बनाने का दिखावा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर रोज ऑटो और ट्रेन में बैठेंगे तो पता चल जाएगा कि आम आदमी क्या झेलता है। उन्होंने कहा कि ऑटो-ट्रेन में रील बनवाने से देश नहीं चलता और सरकार के पास महंगाई और तेल की कीमतों को लेकर कोई ठोस एक्शन प्लान नहीं है।