



जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने शनिवार को स्वास्थ्य कल्याण रक्त केंद्र के 32वें स्थापना दिवस पर जयपुर में आयोजित रक्तदान शिविर में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वक्त का हर क्षण और रक्त का हर कण अमूल्य है, इसीलिए रक्तदान को सर्वोच्च दान माना गया है। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने संस्था के अध्यक्ष डॉ. आर.एस. अग्रवाल और उनकी पूरी टीम को 32 वर्षों से इस पुनीत कार्य में निरंतर जुटे रहने के लिए साधुवाद दिया।
इस अवसर पर उन्होंने रक्तदान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत में हर 2 सेकंड में किसी न किसी व्यक्ति को रक्त की जरूरत पड़ती है और हर साल 12 लाख यूनिट खून की कमी से लोग जान गंवा देते हैं। उन्होंने सभी स्वस्थ नागरिकों से नियमित रक्तदान करने की अपील की।
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि रक्तदान न केवल मानव सेवा है, बल्कि समाज में एकता और इंसानियत का प्रतीक भी है। यह नि:स्वार्थ भाव से किसी की जान बचाकर सबसे बड़ा पुण्य कमाने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि रक्त का एक-एक कतरा किसी न किसी के लिए जीवन है, इसलिए हर स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रक्तदान करना चाहिए। इस कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और पूर्व सांसद रामचरण बोहराऔर डॉक्टर एसएस अग्रवाल भी मौजूद है।
