



जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण की अपील को आत्मसात करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को मुख्यमंत्री निवास से इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) बस से बगरू के ठिकरिया गांव के लिए रवाना हुए। सार्वजनिक परिवहन आधारित ईवी बस से यात्रा कर मुख्यमंत्री ने ग्रीन मोबिलिटी, ऊर्जा संरक्षण और स्वच्छ परिवहन का प्रेरक संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ठिकरिया में आयोजित ग्राम विकास चौपाल कार्यक्रम एवं ग्राम रथ समापन समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान विभिन्न विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री की इस पहल को पर्यावरण संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता के रूप में देखा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले राजस्थान हाईकोर्ट के जज जस्टिस समीर जैन भी साइकिल चलाकर कोर्ट पहुंचे थे। पीएम मोदी की अपील के बाद राज्य में ईंधन बचत को लेकर जन जागरूकता की एक सकारात्मक लहर देखी जा रही है।