



जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील का असर अब न्यायपालिका तक पहुंच गया है। राजस्थान हाईकोर्ट के जज जस्टिस समीर जैन शनिवार को गांधीनगर स्थित अपने आवास से साइकिल चलाकर हाईकोर्ट पहुंचे। उन्होंने आज कोर्ट जाने के लिए कार का इस्तेमाल नहीं किया।
जस्टिस जैन के साथ उनके सुरक्षाकर्मी भी मौजूद थे। पूरे रास्ते वे एक आम नागरिक की तरह साइकिल चलाते रहे और कोई उन्हें पहचान नहीं पाया। जब वे साइकिल से हाईकोर्ट परिसर में पहुंचे तो वकीलों और न्यायिक अधिकारियों के बीच चर्चा का विषय बन गए। उनकी इस पहल की परिसर में खूब सराहना हुई।
जस्टिस जैन की इस अनूठी पहल से प्रेरित होकर अब हाईकोर्ट के अन्य जज भी इस मुहिम से जुड़ सकते हैं। उनका यह कदम ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का एक सशक्त संदेश देता है।