Friday, 15 May 2026

जयपुर पुलिस की अनोखी पहल: साइकिल से गश्त कर दिया फिटनेस और ईंधन बचत का संदेश


जयपुर पुलिस की अनोखी पहल: साइकिल से गश्त कर दिया फिटनेस और ईंधन बचत का संदेश

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  की फिटनेस और ईंधन बचत को लेकर की गई अपील के बाद जयपुर पुलिस ने अनोखा जनजागरूकता अभियान शुरू किया है। शुक्रवार को जयपुर पुलिस के अधिकारियों ने लग्जरी वाहनों के बजाय साइकिल से गश्त निकालकर आमजन को स्वास्थ्य, फिटनेस और पेट्रोल-डीजल बचत का संदेश दिया।

जयपुर पुलिस आयुक्तालय के उत्तर क्षेत्र में आयोजित इस विशेष अभियान में पुलिस उपायुक्त उत्तर Karan Sharma, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त बजरंग सिंह, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नीरज पाठक, पीयूष कविया, थाना प्रभारी राकेश ख्यालिया, राजेश गौतम सहित कई पुलिस अधिकारी शामिल हुए। अधिकारियों ने पुराने शहर के प्रमुख बाजारों और कॉलोनियों में साइकिल से गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया।

पुलिस उपायुक्त उत्तर करण शर्मा ने कहा कि साइकिल चलाने से स्वास्थ्य बेहतर रहता है, साथ ही ईंधन की बचत और प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि यह अभियान आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और पेट्रोल-डीजल की बचत के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाया गया है।

पुराने शहर के बाजारों में जब पुलिस अधिकारी साइकिल पर गश्त करते नजर आए तो लोगों में उत्साह देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे सकारात्मक संदेश बताया। कई लोगों ने कहा कि यदि आमजन और सरकारी विभाग इस प्रकार के प्रयास करें तो ईंधन बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी बड़ी मदद मिल सकती है।

हाल के दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार ईंधन बचत, सार्वजनिक परिवहन और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग को लेकर अपील कर रहे हैं। इसके बाद विभिन्न सरकारी विभागों और जनप्रतिनिधियों द्वारा भी सादगी और ईंधन बचत को बढ़ावा देने वाले कदम उठाए जा रहे हैं।

जयपुर पुलिस की यह साइकिल गश्त अब शहरभर में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह के जनजागरूकता अभियान जारी रखे जाएंगे।

Previous
Next

Related Posts