Friday, 15 May 2026

खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: बीकाजी नमकीन और बिलोना घी के बैच की बिक्री पर रोक


खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: बीकाजी नमकीन और बिलोना घी के बैच की बिक्री पर रोक

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

राजस्थान खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बीकाजी ब्रांड की मिक्स नमकीन “कुछ-कुछ” और जयपुर के बिलोना घी के एक बैच की बिक्री पर रोक लगा दी है। राज्य के विभिन्न जिलों से लिए गए खाद्य उत्पादों के नमूने जांच में अमानक पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि संबंधित खाद्य उत्पादों के नमूने मार्च और अप्रैल माह में लिए गए थे। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित उत्पादों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला  ने बताया कि बीकानेर की पापड़ निर्माता फर्म हैप्पी पूजा पापड़ भंडार, बीकाजी फूड्स इंटरनेशनल की ऑल इन वन नमकीन “कुछ-कुछ” के एक बैच, ग्वालियर के डबरा स्थित किचन किंग निर्माता फर्म के रोस्टेड चना तथा जयपुर स्थित श्री अनु मिल्क प्रोडक्ट्स लिमिटेड के “बिलोना घी” के एक बैच पर रोक लगाई गई है। इसके अलावा कई अन्य उत्पादों की रिपोर्ट भी असुरक्षित पाई गई है। इनमें महाराष्ट्र की फर्म एवेन्यू सुपरमार्ट प्रीमिया की काली मिर्च, हिसार की बालाजी फूड कंपनी का ग्रीन चिली सॉस, बनासकांठा की महावीर फूड का काऊ घी और केसर क्रीम प्रीमियम, महाराष्ट्र की मातेश्वरी फूड का घी, राजकोट की बालाजी फूड का प्योरवर घी तथा पानीपत की गिरधर मिल्क फूड का शुभ सरस घी शामिल हैं।

कोटा की बाल गोपाल डेयरी द्वारा निर्मित मधु सरस घी, बवाना औद्योगिक क्षेत्र स्थित एवेरी डेयरी ट्रेडर्स द्वारा बनाए गए मधु सरस घी और डेयरी ब्राइट ब्रांड के घी की रिपोर्ट भी असुरक्षित पाई गई है।

खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद बाजार में बिकने वाले खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। विभाग का कहना है कि उपभोक्ताओं की सेहत से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। विशेषज्ञों का कहना है कि उपभोक्ताओं को पैकेज्ड खाद्य उत्पाद खरीदते समय निर्माण तिथि, गुणवत्ता प्रमाणन और उत्पाद की जानकारी सावधानी से जांचनी चाहिए। वहीं विभाग ने संबंधित कंपनियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Previous
Next

Related Posts