



जयपुर के सीतापुरा स्थित जेईसीसी में 23 से 25 मई तक प्रस्तावित ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट “ग्राम-2026” को स्थगित कर दिया गया है। इस संबंध में कृषि विभाग के आयुक्त द्वारा आदेश जारी कर दिए गए हैं। हालांकि विभाग की ओर से कार्यक्रम स्थगित किए जाने का आधिकारिक कारण स्पष्ट नहीं किया गया है, लेकिन इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन बचत और संसाधनों के संयमित उपयोग को लेकर की गई अपील से जोड़कर देखा जा रहा है।
इस एग्रीटेक मीट में प्रदेशभर से प्रगतिशील किसानों, आधुनिक कृषि तकनीक से जुड़ी कंपनियों, नवाचार करने वाले विशेषज्ञों और कृषि क्षेत्र में कार्यरत संस्थाओं को शामिल होना था। आयोजन के दौरान आधुनिक खेती, कृषि मशीनरी, तकनीकी नवाचार और हाईटेक खेती के मॉडल प्रदर्शित किए जाने थे। साथ ही कंपनियों और किसानों के बीच सीधे संवाद का मंच तैयार किया गया था तथा कई समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर होने की भी संभावना थी।
कार्यक्रम के लिए प्रदेशभर से लाखों किसानों को जयपुर लाने का लक्ष्य रखा गया था। इसके लिए भारतीय जनता पार्टी संगठन स्तर पर भी जिला और ब्लॉक स्तर तक जिम्मेदारियां तय की गई थीं। किसानों और प्रतिनिधियों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने के लिए हजारों वाहनों की व्यवस्था की जा रही थी और बड़ी संख्या में वाहन पहले ही बुक किए जा चुके थे।
राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में पेट्रोल-डीजल बचाने और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की अपील के बाद इतने बड़े स्तर पर वाहनों के उपयोग से गलत संदेश जा सकता था। इसी कारण कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया गया।
गौरतलब है कि कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए राज्य सरकार और संगठन पिछले एक महीने से तैयारियों में जुटे हुए थे। विभिन्न जिलों में “ग्राम रथ” के माध्यम से प्रचार अभियान भी चलाया जा रहा था। बड़ी संख्या में प्रचार वाहन प्रदेशभर में भेजे गए थे, जिनके जरिए किसानों को कार्यक्रम में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा था।
अब कार्यक्रम की नई तिथि को लेकर कृषि विभाग या राज्य सरकार की ओर से आगे कोई घोषणा की जा सकती है। कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों और कंपनियों को अगले निर्णय का इंतजार है।
