Friday, 15 May 2026

21 मई को हो सकती है मोदी मंत्रिपरिषद की बैठक, संभावित फेरबदल की चर्चाएं तेज


21 मई को हो सकती है मोदी मंत्रिपरिषद की बैठक, संभावित फेरबदल की चर्चाएं तेज

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्र सरकार की मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक 21 मई को होने की संभावना है। इस बैठक में सभी केंद्रीय मंत्री, स्वतंत्र प्रभार वाले केंद्रीय राज्य मंत्री और अन्य केंद्रीय राज्य मंत्रियों के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही मंत्रालयों और विभागों के कामकाज, योजनाओं की प्रगति और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी विस्तार से चर्चा होने की संभावना है। सरकार आगामी अवधि की प्राथमिकताओं और कार्ययोजना को लेकर भी दिशा तय कर सकती है।

इसी बीच मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने से पहले मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। वर्तमान सरकार ने 10 जून 2024 को शपथ ली थी। सूत्रों का कहना है कि जून के दूसरे सप्ताह में मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल संभव हो सकता है। इसे लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में अटकलें बढ़ गई हैं।

माना जा रहा है कि बैठक में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, संगठन और सरकार के बीच समन्वय तथा आगामी राजनीतिक रणनीति पर भी चर्चा हो सकती है। इसके अलावा विभिन्न मंत्रालयों के प्रदर्शन की समीक्षा किए जाने की संभावना भी जताई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाल ही में ईंधन बचत और संसाधनों के सीमित उपयोग को लेकर दिए गए अपने संदेश पर भी मंत्रिपरिषद की बैठक में चर्चा कर सकते हैं। प्रधानमंत्री ने 10 और 11 मई को आयोजित दो सार्वजनिक सभाओं में लोगों से पेट्रोल-डीजल की बचत करने और अनावश्यक खर्चों से बचने की अपील की थी।

हाल के दिनों में कई केंद्रीय और राज्य स्तर के नेताओं ने सार्वजनिक परिवहन के उपयोग, छोटे काफिलों और सादगीपूर्ण यात्रा के जरिए ईंधन बचत का संदेश दिया है। ऐसे में माना जा रहा है कि सरकार ऊर्जा संरक्षण और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग को लेकर व्यापक अभियान चला सकती है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार आगामी मंत्रिपरिषद बैठक और संभावित फेरबदल को आगामी राजनीतिक रणनीति तथा सरकार के अगले चरण की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।

Previous
Next

Related Posts