



पेट्रोलियम कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें शुक्रवार से लागू हो गई हैं। बढ़ी हुई कीमतों के बाद राजधानी जयपुर में पेट्रोल 107.97 रुपए प्रति लीटर और डीजल 93.23 रुपए प्रति लीटर हो गया है।
जानकारी के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के चलते ईंधन दरों में यह इजाफा किया गया है। वैश्विक स्तर पर बढ़ती अस्थिरता और मध्य पूर्व में तनाव के कारण कच्चे तेल की आपूर्ति और कीमतों पर असर पड़ रहा है, जिसका प्रभाव अब घरेलू बाजार में भी दिखाई देने लगा है।
जयपुर में पेट्रोल की कीमत में प्रति लीटर लगभग 3 रुपए 25 पैसे की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं डीजल की कीमत करीब 3 रुपए 2 पैसे प्रति लीटर बढ़ी है। अचानक हुई इस वृद्धि के बाद आम लोगों, वाहन चालकों और परिवहन क्षेत्र से जुड़े कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है।
ईंधन महंगा होने का असर परिवहन लागत, माल ढुलाई और रोजमर्रा के खर्चों पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। परिवहन कारोबारियों का कहना है कि डीजल की कीमत बढ़ने से माल भाड़ा महंगा हो सकता है, जिसका असर बाजार में वस्तुओं की कीमतों पर भी दिखाई दे सकता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव की स्थिति लंबे समय तक बनी रहती है, तो आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में आम जनता पर महंगाई का अतिरिक्त दबाव बढ़ने की संभावना है।
