



प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोल और डीजल बचाने की अपील के बाद अब राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने भी अपने आधिकारिक काफिले में वाहनों की संख्या में बड़ी कटौती कर दी है। राज्यपाल ने काफिले में शामिल वाहनों को सीमित रखने के स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं।
गुरुवार को एयरपोर्ट जाते समय राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने अपने काफिले के साथ चलने वाली पायलट कार, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य अतिरिक्त वाहनों को साथ नहीं चलने दिया। इसके बाद राज्यपाल सचिवालय की ओर से आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए, जिनमें काफिले में वाहनों की संख्या न्यूनतम रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेशों के अनुसार अब राज्यपाल के काफिले में केवल तीन वाहन ही शामिल रहेंगे। यह व्यवस्था केवल जयपुर तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि प्रदेश और देश के अन्य दौरों के दौरान भी इसी व्यवस्था का पालन किया जाएगा।
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने सरकारी स्तर पर कम से कम वाहनों के उपयोग और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे अनावश्यक वाहन उपयोग से बचें और पेट्रोल-डीजल की बचत कर राष्ट्रहित में योगदान दें।
राज्यपाल ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में ईंधन संरक्षण और संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग समय की आवश्यकता है। उन्होंने सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग और निजी वाहनों के सीमित प्रयोग को पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक बचत दोनों के लिए महत्वपूर्ण बताया।
हाल के दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन बचत और सरकारी तामझाम कम करने को लेकर दिए गए संदेश के बाद कई जनप्रतिनिधि और सरकारी पदाधिकारी सादगी तथा संसाधन संरक्षण की दिशा में कदम उठा रहे हैं। राज्यपाल का यह निर्णय भी उसी पहल का हिस्सा माना जा रहा है।