Thursday, 14 May 2026

उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने रोडवेज बस से किया सफर, प्रदेशवासियों से सार्वजनिक परिवहन अपनाने की अपील


उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने रोडवेज बस से किया सफर, प्रदेशवासियों से सार्वजनिक परिवहन अपनाने की अपील

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

राजस्थान के उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री प्रेमचंद बैरवा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत और “राष्ट्र प्रथम” की अपील से प्रेरणा लेते हुए गुरुवार को राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की बस से यात्रा कर सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने का संदेश दिया। उपमुख्यमंत्री जयपुर स्थित 22 गोदाम क्षेत्र से दूदू विधानसभा क्षेत्र के फागी में आयोजित ग्राम विकास चौपाल कार्यक्रम में भाग लेने के लिए रोडवेज बस से रवाना हुए।

इस दौरान उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि वर्तमान समय में वैश्विक आर्थिक चुनौतियों और अस्थिर परिस्थितियों के बीच ईंधन संरक्षण, संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग और सार्वजनिक परिवहन को प्रोत्साहित करना अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए दिए गए संदेश से प्रेरणा लेकर प्रत्येक नागरिक को अपने दैनिक जीवन में जिम्मेदार भूमिका निभानी चाहिए।

उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि अनावश्यक निजी वाहन प्रयोग से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि ईंधन बचत केवल आर्थिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय हित के लिए भी महत्वपूर्ण है।

प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि यदि आमजन सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देंगे तो इससे ईंधन की बचत के साथ-साथ यातायात दबाव और प्रदूषण में भी कमी आएगी। उन्होंने इसे राष्ट्र निर्माण में आम नागरिकों की महत्वपूर्ण भागीदारी बताया।

हाल के दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन बचत और सरकारी तामझाम कम करने को लेकर दिए गए संदेश के बाद कई जनप्रतिनिधि सादगी और संसाधन संरक्षण को बढ़ावा देने वाले कदम उठा रहे हैं। इसी क्रम में उपमुख्यमंत्री का रोडवेज बस से सफर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

Previous
Next

Related Posts