Thursday, 14 May 2026

सूर्य की पहली किरण के साथ तारागढ़ दुर्ग पर लहराया सम्राट पृथ्वीराज चौहान का ध्वज, अजमेर में गूंजे जयघोष


सूर्य की पहली किरण के साथ तारागढ़ दुर्ग पर लहराया सम्राट पृथ्वीराज चौहान का ध्वज, अजमेर में गूंजे जयघोष

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

अजमेर स्थित ऐतिहासिक तारागढ़ दुर्ग पर गुरुवार प्रातः सम्राट पृथ्वीराज चौहान जयंती के अवसर पर भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सूर्य की पहली किरण के साथ सम्राट पृथ्वीराज चौहान का ध्वज दुर्ग पर फहराया गया, जिससे पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति और गौरव की भावना से ओतप्रोत हो उठा। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में सनातनी बंधु, महिलाएं, युवा और बच्चे शामिल हुए तथा पूरे क्षेत्र में “सम्राट पृथ्वीराज चौहान अमर रहें” के जयघोष गूंजते रहे।

यह आयोजन सनातन धर्म रक्षा संघ अजयमेरू राजस्थान एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। संघ के अध्यक्ष पूर्व न्यायाधीश अजय शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत पृथ्वीराज स्मारक से विशाल वाहन रैली के साथ हुई। सैकड़ों दुपहिया और चौपहिया वाहनों का काफिला जुलूस के रूप में तारागढ़ दुर्ग पार्किंग तक पहुंचा। वहां से सभी श्रद्धालु अनुशासित तरीके से दुर्ग के मुख्य द्वार तक पहुंचे। कार्यक्रम में शामिल लोगों के गले में सम्राट पृथ्वीराज चौहान के नाम के दुपट्टे आकर्षण का केंद्र बने रहे।

समारोह में साध्वी अनादि सरस्वती का संत सानिध्य भी प्राप्त हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्र सिंह रावत रहे, जिन्होंने सम्राट पृथ्वीराज चौहान के वंशज के रूप में ध्वज फहराया। समारोह के दौरान सम्राट पृथ्वीराज चौहान के वंशजों का विशेष सम्मान भी किया गया।

इतिहास संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए सम्राट पृथ्वीराज चौहान के वंशजों की डिजिटल डायरेक्टरी तैयार करने वाली युवतियों चांदनी रावत, सुनीता रावत, रसना रावत और सुरता रावत को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उपस्थित जनसमूह ने उनके कार्य की सराहना करते हुए इसे ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायक प्रयास बताया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में डॉ. कुलदीप शर्मा, डॉ. शैतान सिंह, डॉ. लाल थदानी, श्रीमती मीना चौहान और कालीचरण खंडेलवाल सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे। भूतपूर्व सैनिक संघ और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी समारोह में भागीदारी निभाई। मगरा, मेरवाड़ा, ब्यावर और अजमेर क्षेत्र से बड़ी संख्या में क्षत्रिय समाज और अन्य समाजों के लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान राजस्थान पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। प्रशासन की ओर से निर्धारित मार्गों से ही श्रद्धालुओं को दुर्ग तक पहुंचने की अनुमति दी गई। वहीं चिकित्सा सेवाओं के लिए डॉ. कुलदीप सेवा संस्थान और के जी स्टोन की चिकित्सा टीम पूरे समय तैनात रही। एम्बुलेंस सेवा भी आयोजन स्थल पर उपलब्ध रही।

आयोजन का संयोजन तरुण वर्मा ने किया। कार्यक्रम में देवेंद्र त्रिपाठी, ब्रजेश गौड़, इंजीनियर अशोक शर्मा, एडवोकेट विजय शर्मा, वृषेश त्रिवेदी, बीरम सिंह चौहान, आलोक माहेश्वरी, कैप्टन हुकुम सिंह पंवार, कृष्ण मुरारी मिश्रा, नारायण सिंह रावत और अन्य अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, उत्साह, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रभक्ति का विशेष वातावरण देखने को मिला।

Previous
Next

Related Posts